बुझ गया घर का चिराग: बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, परिवार में मचा कोहराम, खो नदी में डूबने से हुई मौत
UP News : बिजनौर में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के एक बच्चे की खो नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं, बेटे का शव देखकर मां बेहोश हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम शाहलीपुर कोटरा उर्फ गांवड़ी में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के एक बच्चे की खो नदी में डूबने से मौत हो गई। उधर, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम शाहलीपुर कोटरा उर्फ गांवड़ी निवासी मोहम्मद शहजाद का आठ वर्षीय पुत्र इम्तियाज अपने सात वर्षीय चचेरे भाई अब्दुल अहद पुत्र नौशाद के साथ खो नदी के समीप स्थित गन्ना फसल को पानी दे रहे अपने दादा फिरोज को खाना देने गया था। बताया गया कि खाना देकर लौटते समय दोनों बच्चे नदी किनारे खड़े होकर आसपास का नजारा देखने लगे। इस बीच पैर फिसलने से इम्तियाज नदी के पानी में गिर गया।
यह भी पढ़ें: लव जिहाद पर बड़ा बयान: फिर BJP सांसद पर भड़के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, खूब हुई तीखी बहस, जानिए वजह
इम्तियाज के नदी में डूबने पर उसके साथी व चचेरे भाई अहद ने शोर मचाया। इस दौरान घटना से कुछ दूरी पर नदी से मछली पकड़ रहे एक युवक ने भी शोर मचाया। शोर सुनकर इर्द-गिर्द खेतों में काम कर रहे कई किसान व ग्रामीण वहां पहुंचे। वहीं, ग्रामीणों के वहां पहुंचने से पूर्व ही मछली पकड़ रहे युवक ने नदी के पानी में छलांग लगा दी और नदी में डूबे इम्तियाज को बाहर निकाला लेकिन, तब तक इम्तियाज (8) की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: High Profile Case: अधिवक्ता गिरफ्तार, भाजपा नेताओं के खिलाफ जुटाए जा रहे सुबूत, जांच अधिकारी बदला
मौके पर जमा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नदी में अवैध खनन के चलते गहरे कुंड बन गए है। इन्हीं कुंड में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुदेशपाल सिंह ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजन किसी भी कार्रवाई से इंकार कर शव अपने साथ घर ले गए है।