Bijnor: युवक की निर्मम हत्या, शव आम के बाग में पेड़ से लटकाया, घर का इकलौता चिराग था हेन्सी
बिजनौर के किरतपुर में गांव हुसैनपुर में आम के बाग में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसका शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
विस्तार
बिजनौर जनद के किरतपुर में गांव हुसैनपुर में आम के बाग में युवक की हत्या कर शव को आम के पेड़ पर लटका दिया गया। मृतक दो बहनों का इकलौता भाई था। एसपी अभिषेक झा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में स्थित पूर्व प्रधान अब्दुल समद के आम के बाग में पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। मृतक के दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए थे, जबकि मुंह पर कपड़ा ठुंसा हुआ था। इससे प्रतीत होता है कि किसी ने बेरहमी से हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया।
मृतक के शव से कुछ दूरी पर एक बैग व मोटर साइकिल मिली। बैग में मृतक के कपड़े थे। मृतक के शव के पास पेड़ के नीचे मोबाइल पड़ा मिला। पुलिस ने मोटर साइकिल, बैग व मोबाइल को कब्जे में ले लिया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
यह भी पढ़ें: नहीं मिली मंजूरी: सना को बॉर्डर से लौटाया, पाकिस्तान में पिता के पास रहेंगे दो बच्चे, पीएम मोदी से लगाई गुहार
सोमवार रात्रि लगभग 8 बजे गांव ढाकी निवासी विनोद कुमार का पुत्र हेन्सी घर से यह कहकर निकला था कि वह बिजनौर जा रहा है और अब बिजनौर में ही रहेगा। हेन्सी बैग में कपड़े रखकर मोटर साइकिल से बिजनौर के लिए निकला। मगर वह बिजनौर जाने की बजाय आम के बाग में पहुंच गया।
सोमवार सुबह सात बजे आम की फसल की रखवाली करने वाले ठेकेदार बाग में पहुंचे तो उन्होंने पेड़ पर युवक शव लटका हुआ देखा। उन्होंने बाग स्वामी पूर्व प्रधान अब्दुल समद को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। नेशनल हाईवे से हुसैनपुर के रास्ते पर उसकी मोटर साइकिल और बैग रखा था। जबकि कुछ दूरी पर पेड़ पर उसका शव लटका हुआ था। उसका मोबाइल वहीं पेड़ के नीचे पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक हेन्सी का प्रतिदिन किसी न किसी बात को लेकर परिवार में विवाद होता रहता था। एक माह पहले ही हेन्सी बिजनौर के एक मेडिकल स्टोर पर नौकरी करने लगा था। बताया गया कि सोमवार शाम भी उसका परिजनों से विवाद हुआ। इसी से नाराज होकर वह घर से बैग में कपड़े रखकर बिजनौर के लिए निकल गया था।
मृतक हेन्सी लगभग 10-12 फीट की ऊंचाई पर पेड़ पर लटका हुआ था। उसके मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। जबकि दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए थे जिससे साफ जाहिर है किसी ने उसकी हत्या कर शव को रस्सी से बांधकर पेड़ पर लटका दिया था।
एसपी अभिषेक झा बताया कि पुलिस कई एंगल पर काम कर रही है। घटना का बहुत जल्दी खुलासा कर दिया जाएग। एसपी सिटी व सीओ नजीबाबाद ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया और शव को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।