जन आरोग्य मेलों में 5041 मरीजों की जांच
बिजनौर। जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक और उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में कुल 5041 मरीजों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें औषधि वितरण किया गया। इनमें 1744 पुरुष, 2438 महिलाएं और 859 बच्चे शामिल रहे। इनमें से विशेष जांच एवं उपचार की आवश्यकता वाले 14 मरीजों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कुल 343 पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाए गए।
शासन के निर्देश पर हर रविवार को जिले में संचालित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक और उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। डीएम रमाकांत पांडेय और सीएमओ डॉ. विजय कुुमार यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडावली में आयोजित स्वास्थ्य मेले का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उन्होंने वहां पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर कोविड-19 के प्रति जागरूक किया। इन मेलों में आए विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 5041 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाई दी गई। खून की कमी (एनीमिया) के 74, श्वांस रोग 341, मधुमेह के 326, उदर रोग से पीड़ित 477, चर्म रोग के 1031, टीबी से ग्रसित आठ मरीजों का उपचार किया गया। करीब 413 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। लगभग 289 मरीजों की खून की जांच की गई। जिन मरीजों में खून की कमी पाई गई, उन्हें आयरन फॉलिक एसिड की टैबलेट दी गई।

नगीना में स्वास्थ्य मेले का फीता काटकर उद्घाटन करते भाजपा नेता अमित गुप्ता।- फोटो : BIJNOR