Interview: WWE में हलचल मचाने वाले वीर महान ने बताया राष्ट्रप्रेम का मतलब, शादी के बारे में भी की चर्चा
डब्ल्यूडब्ल्यूई में हलचल मचा देने वाले रिंकू सिंह राजपूत ऊर्फ वीर महान भदोही के छोटे से गांव होलपुर के रहने वाले हैं। सोमवार को वो अपने घर पहुंचे। अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने राष्ट्रप्रेम, सनातन संस्कृति और अपनी जिंदगी समेत कई मुद्दों पर उन्होंने राय रखी।
विस्तार
डब्ल्यूडब्ल्यूई के रिंग में बड़े-बड़े महारथियों को चारों खाने चित करने वाले रिंकू सिंह राजपूत उर्फ वीर महान इन दिनों अपने पैतृक आवास यूपी के भदोही जिले के होलपुर में हैं। सोमवार को उन्होंने अमर उजाला ने उनके साथ खास बातचीत की।
इस दौरान वीर महान ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के साथ सनातन संस्कृति, राजनीतिक विचारधारा और अपनी शादी को लेकर भी खुल कर चर्चा की। उन्होंने जिले के युवाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म तैयार करने के लिए भविष्य की अपनी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। शाकाहारी होने का मतलब भी बताया।
- सवाल- अब तक कैसी रही है आपकी जीवन यात्रा
जवाब- एक ट्रक ड्राइवर का बेटा होने से लेकर अमेरिका में डब्ल्यूडब्ल्यूई की अब तक की यात्रा काफी चुनौतीपूर्ण रही है। शुरुआत जेवलिन थ्रोअर के रूप में की। जैवेलिन के लिए पैसे न होने पर ट्रक के पहिए से निकली नट को पिघलाकर बांस की लड़की में डाला और उससे पांच किलो का जेवलिन बनाया। इसके बाद बेसबॉल और अब डब्ल्यूडब्ल्यूई के रिंग में हूं। जीवन में ऐसा दौर भी आया जब मैंने आर्मी के लिए ट्रायल किया था, लेकिन कम उम्र होने के कारण चयन नहीं हो पाया। अब तक मिली हर सफलता में माता-पिता और ईश्वर का आशीर्वाद रहा।
ये भी पढ़ें: कहां छिपा है समर सिंह? आकांक्षा दुबे की मौत 8 दिन बाद भी नहीं तलाश सकी पुलिस, उठने लगे सवाल
सवाल- परिवार का कैसा रहा है सहयोग
जवाब- हर माता-पिता की तरह हमारे मां और पिता जी शुरुआत में थोड़ा डरे, लेकिन कड़ी मेहनत और लगन हर सवाल का जवाब होता है। मेरी मां ने हमेशा संस्कारों की सीख दी और कहा दुनिया में कहीं भी रहे अपने संस्कारों को नहीं भूलना चाहिए। मैं आज तक माता-पिता की सीख का पालन कर रहा हूं।
ये भी पढ़ें: गले में रुद्राक्ष और बाजू पर राम, यूपी के सबसे छोटे जिले से निकले WWE के ‘वीर महान’, जानिए परिवार के बारे में
सवाल- अध्यात्म आपको कितना मजबूत करता है?
जवाब - मेरे जीवन में अध्यात्म का वही स्थान है, जो माता-पिता का है। अध्यात्म के बिना जीवन सूना रहता है। ईश्वर की आराधना हमें वह उर्जा प्रदान करती है, जो हमें अंदर से मजबूत करता है। मेरा मानना है कि जिस दिन हम अध्यात्म से दूर हो गए, उस दिन हमारा पतन निश्चित है। उन्होंने युवाओं को भी अपनी सनातन संस्कृति से जुड़ने का आवाह्न किया।
सवाल- आपकी की कोई राजनीतिक विचारधारा है
जवाब- अक्सर सनातन संस्कृति के प्रति मेरे जुड़ाव के कारण लोग किसी पार्टी विशेष से जुड़ाव समझते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। वैश्विक स्तर पर देश की सनातन संस्कृति की ध्वज को लहराना और राष्ट्रप्रेम हर व्यक्ति का कर्तव्य होता है। इसका मतलब यह कत्तई नहीं है कि मेरी कोई राजनीतिक विचारधारा भी हो। देश का हर व्यक्ति, वह चाहे किसी भी कोने में हो। उसे भारत की संस्कृति का गुणगान करना चाहिए।
सवाल- पिता के निधन के बाद क्या फर्क आया
जवाब- माता-पिता जीवन में उस छांव की तरह होते हैं, जिसके नीचे बैठकर हम आराम करते नजर आते हैं। लेकिन, जब माता-पिता का छाया सिर से उठ जाता है तो हम प्यास से तड़पते पक्षी की तरह हो जाते हैं। हालांकि उनकी सीख और संस्कार हमें जीवन में खड़े रहने का साहस देती है।
सवाल- वीर महान शादी कब कर रहे हैं?
जवाब- अभी मेरा लक्ष्य सिर्फ भारत माता की सेवा करना है। पूरे विश्व में भारत की सनातन संस्कृति और विचारों की ध्वजा को पहुंचाना है। आने वाले समय में कई टूर्नामेंट है। जिसमें भारत की ओर से भाग लेना है। ऐसे में मेरा सारा फोकस अभी अपने आप पर है। समय आएगा तो शादी भी हो जाएगी।
सवाल- युवाओं को क्या संदेश देंगे
जवाब- देश का युवा राष्ट्रप्रेमी और सनातन प्रेमी है। यही उनका प्रयास रहा है। फिलहाल भविष्य में क्या करना है इसपर विचार नहीं किया है। शाकाहारी युवाओं को भरपूर मात्रा में प्रोटीन उपलब्ध कराने के लिए वीगन प्रोटीन की शुरुआत करने जा रहे हैं। जिससे शाकाहारी युवाओं की शिकायत दूर हो सकें। इसके अलावा जिम, ट्रेनिंग सेंटर को लेकर भी भविष्य में योजना है।