औराई। क्षेत्र के उपरौठ में खुली शराब की दुकान का विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को नाराज महिलाओं ने दुकान के पास हंगामा किया। आरोप है कि नशेड़ी बस्तियों में पहुंचकर महिलाओं से अभद्रता करते हैं। यहां से दुकान अन्यत्र करने की मांग की। कहा कि ऐसा न होने पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। महिलाओं ने कहा कि उपरौठ नहर के पास अप्रैल में दुकान खुली तभी इसका विरोध किया गया। उसी मार्ग पर स्वास्थ्य केंद्र, महिला महाविद्यालय आदि भी है। दुकान से सटी बस्ती में शराब पीकर कुछ लोग प्रतिदिन मारपीट और गालीगलौज करते हैं। कुछ युवकों की पिछले दिनों शराब पीने से तबीयत भी खराब हो गई थी। सोमवार को महिलाओं के आक्रोश को देखकर सेल्समैन अंदर से गेट को बंदकर दिया। खबर मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम भी पहुंचे। जहां महिलाओं को समझा बुझाकर उन्हें घर भेजा। इसी तरह तहसील रोड के सामने भी खुली दुकान को लेकर पूर्व में विरोध हो चुका है। महिलाओं के हंगामे की सूचना पर उप जिलाधिकारी बरखा सिंह व आबकारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं को आश्वासन दिया कि आप एक प्रार्थना पत्र दीजिए और थोड़े समय का इंतजार करिए, जहां-जहां विवादित दुकान हैं, उन्हें जल्द ही हटाया जाएगा। हंगामा करने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से सुषमा देवी, प्रभावती देवी, नीलम, कुसुम, किरण, बिंदु देवी, नीलू देवी, अमरावती देवी आदि रही।