ज्ञानपुर। मौसम की बेरुखी थम नहीं रही है। रविवार को ज्ञानपुर सहित जिले के दक्षिणी छोर पर आधे घंटे से अधिक बारिश हुई, जबकि मोढ़, सुरियावां क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश से ज्ञानपुर नगर के प्रमुख दुर्गागंज तिराहे पर जलजमाव हो गया। करीब एक घंटे बाद पानी हटने से आवागमन सामान्य हुआ।
जिले में पिछले कुछ दिनों से मानसूनी बादल एक बार फिर सक्रिय हुए हैं, हालांकि उम्मीद के हिसाब से मेघ नहीं बरस रहे। रविवार दोपहर में सीतामढ़ी, जंगीगंज, ज्ञानपुर क्षेत्र में आधे घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। दुुर्गागंज तिराहा, गोपीगंज मार्ग और तिराहा से भदोही मार्ग पर पानी लग गया। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कहीं धूप और कहीं बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान संतोष ने बताया कि धान की फसल बारिश बिना सूख रही है, हल्की बारिश से राहत जरूर मिल रही है, लेकिन धान के लिए अच्छी बारिश की जरूरत है।