ज्ञानपुर। मानसून से पूर्व नगरों की नालियों को साफ करने की मुहिम शुरू हो गई है। ज्ञानपुर सहित अन्य निकायों में भी वार्डवार गाद को निकाला जा रहा है। प्रशासक की निगरानी में सारे काम कराए जा रहे हैं। जिले की सात नगर निकाय ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, खमरिया, घोसिया, सुरियावां और नई बाजार में करीब चार से पांच लाख की आबादी रहती है। हर साल बारिश से पूर्व छोटी और बड़ी नालियों की सफाई शुरू हो जाती है। अबकी बार 15 मई तक इसकी डेडलाइन तय की गई है। इस बार भी निकायों ने सफाई शुरू करा दिया है। जिससे जून-जुलाई में बारिश के समय लोगों को जलजमाव की परेशानी से नहीं जूझना पड़ेगा। ज्ञानपुर नगर के वार्ड नौ, एक, पुरानी बाजार सहित अन्य वार्ड में हर महीने नाली में भरे गाद को निकाला जा रहा है। ईओ ज्ञानपुर राजेंद्र दूबे ने बताया कि हर महीने नालियों की सफाई की जाती है। बारिश से पूर्व सभी नालियों को साफ कर लिया जाएगा। घोसिया और खमरिया नगर के ईओ जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि नगर में छोटे नाले की सफाई रुटीन में होती रहती है, जो बड़े नाले हैं उनकी साफ सफाई, खुदाई का काम समय से शुरू कर पूर्ण करा लिया जाता है। एडीएम कुंवर बृजेश मौर्य ने कहा कि सभी निकायों को बारिश से पहले ही छोटे और बड़े नालों को साफ करने का निर्देश दिया गया है। जिन निकायों में कमी मिलेगी वहां के ईओ पर कार्रवाई तय होगी। जल निकासी के लिए नगर में भले ही लाखों खर्च कर नाला निर्माण कर दिया गया, लेकिन पुरानी बाजार के आगे नाले की ऊंचाई कम होने से बारिश में पानी आगे नहीं बढ़ पाता। इससे एक से दो घंटे की बारिश में ही नगर के प्रमुख तिराहे पर एक से दो फीट तक पानी भर जाता है। समस्या जटिल होने पर पंप आदि लगाकर पानी निकाला जाता है।