ज्ञानपुर। औराई कोतवाली क्षेत्र के बभनौटी के समीप 14 दिन पूर्व 40 एमटी सरिया लदे ट्रेलर लूटकांड में पुलिस और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की रात में पुलिस ने औराई बस स्टैंड से छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से तमंचा, कारतूस और कार को बरामद किया।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. अनिल कुमार ने मामले का खलासा किया। उन्होंने बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के हरदेवपुर निवासी दिनेश कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया था छह जुलाई को वह ट्रेलर पर सरिया लादकर गाजीपुर जा रहा था। कार सवार बदमाशों ने बभनौटी के पास ट्रेलर को ओवरटेक कर चालक को बेहोश कर ट्रेलर समेत सरिया लेकर भाग गए थे। मामले में पुलिस ने नामजद और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश में लगी थी। सोमवार की रात में मुखबिर की सूचना पर बब्बल शर्मा उर्फ शिवांशु समहन-मेजा प्रयागराज, अंकित सिंह निवासी चंदापुर हमौरा-प्रयागराज, कृष्णकुमार शर्मा उर्फ सचिन शर्मा निवासी समहन-मेजा प्रयागराज, आदर्श राय उर्फ शुभम निवासी औता-मेजा प्रयागराज, मोनू तिवारी उर्फ मोना निवासी महुआरी-प्रयागराज, राहुल मिश्रा निवासी समहन-मेजा प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी प्रदीप मिश्रा निवासी चौकढ़-मेजा प्रयागराज, नन्हकऊ गौतम निवासी कढ़ौली मेजा-प्रयागराज फरार है। गिरफ्तार आरोपियों पर कई जिले में मुकदमा दर्ज है। इन सभी पर 15 हजार का ईनाम भी घोषित था।