पूर्व विधायक विजय मिश्र पर शिकंजा: भतीजे मनीष की 8.30 करोड़ की संपति कुर्क, प्रयागराज में हुई कार्रवाई
ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्र के भतीजे मनीष मिश्र के आलीशान मकान को गुरुवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत भदोही पुलिस ने कुर्क किया। प्रयागराज के बाघंबरी हाउस स्थित तीन मंजिला आलीशन मकान की कीमत 8 करोड़ 30 लाख बताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जेल में बंद ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्र के कुनबे की मुश्किलें थम नहीं रही। शुक्रवार को जिले की पुलिस टीम ने भतीजे मनीष मिश्र की आठ करोड़ 30 लाख की संपत्ति कुर्क किया। प्रयागराज के बाघंबरी हाउस स्थित तीन मंजिला आलीशन मकान को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया। डीघ ब्लॉक प्रमुख मनीष भी पूर्व विधायक विजय मिश्र के साथ गैंगस्टर सहित कई मुकदमों में नामजद आरोपी है।
शासन के निर्देश पर संगठित एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की टीम कार्रवाई कर रही है। प्रयागराज के अल्लापुर बाघंबरी हाउस स्कीम में तीन मंजिला मकान को कुर्क किया गया है। दिसंबर 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत जिला मजिस्ट्रेट गौरांग राठी ने मनीष मिश्र के तीन मंजिला मकान को कुर्क करने का आदेश दिया था।
डीएम भदोही के आदेश पर इस मकान को कुर्क करने एक बार भदोही पुलिस दिसंबर में भी आई थी पर मकान में रह रहे किराएदारों ने प्रशासन से कुछ महीने की मोहलत मांगी थी, जिसके बाद कुर्की की कार्रवाई को अप्रैल 2023 तक रोक दिया गया था।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया, फिर वायरल किया अश्लील वीडियो
गुरुवार को जब पुलिस के अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कुर्की का नोटिस चस्पा किया तो मकान में रह रहे किराएदारों ने मानवता के आधार पर एक दिन का और समय मांगा था। शुक्रवार को पुलिस ने मकान को कुर्क कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि माफिया/गैंग लीडर अभियुक्त विजय कुमार मिश्र गैंग के सक्रिय सदस्य मनीष मिश्रा निवासी खपटिहा जनपद प्रयागराज ने अपराध से अर्जित धन से तीन मंजिला मकान बनाया है। इसकी कीमत 8 करोड़ 30 लाख है। उन्होंने बताया कि जेल में निरुद्ध गैंगस्टर अभियुक्त मनीष मिश्र के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म, एनएसए, गुंडा, गैंगस्टर, लूट, अपहरण, मारपीट, संपत्ति हड़पने, जालसाजी, रंगदारी सहित कुल दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पूर्व विधायक के करीबी की सवा दो करोड़ की संपत्ति कुर्क
पूर्व विधायक विजय मिश्र के करीबी गिरधारी पाठक की सवा दो करोड़ की संपत्ति शुक्रवार को कुर्क की गई। प्रयागराज स्थित इसके दो मंजिला मकान को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक विजय मिश्र के गिरोह के सक्रिय सदस्य गिरधारी प्रसाद पाठक निवासी महेरा थाना लालापुर जनपद प्रयागराज ने आपराधिक कृत्यों से धन अर्जित किया।
इस धन से झलवा, प्रयागराज में उसने दो मंजिला मकान बनवाया है। जिला मजिस्ट्रेट गौरांग राठी ने इसे कुर्क करने का आदेश दिया था। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत सवा दो करोड़ है। उन्होंने बताया कि गिरधारी प्रसाद पाठक 2017 से अपराध जगत में सक्रिय है।