लंबे समय से जर्जर और जलजमाव के चलते नारकीय बन चुके गोपीगंज-सोनखरी ईदगाह मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार की सुबह नागरिकों ने प्रदर्शन किया था। मामला संज्ञान में आते ही दोपहर में जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु और पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय पीडब्ल्यूडी एक्सईएन के साथ मौके पर पहुंच गए। मार्ग की हालत वास्तव में दयनीय देखकर डीएम ने एक्सईएन को निर्देश दिया कि 12 घंटे के अंदर मार्ग को ठीक कराएं। बता दें कि यह रास्ता ईदगाह की ओर भी जाता है। जहां ईद पर नमाजियों का जमावड़ा होगा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। इससे नागरिकों की नाराजगी जाती नजर आई। मरम्मत कार्य शुरू होने पर लोगों ने कहा कि मार्ग दुरुस्त हो जाने पर ईद की नमाज अदा करने के दौरान कीचड़ से मुक्ति मिल जाएगी। इससे पूर्व नागरिकों ने सोनखरी मार्ग को लेकर सुबह प्रदर्शन किया। कहा कि लंबे समय से जर्जर मार्ग को लेकर आवागमन में नागरिकों को परेशानी हो रही है। इस रास्ते से हर रोज हजारों स्कूली बच्चे आते-जाते हैं, जो मार्ग पर दुर्दशा झेलते हैं। बारिश में इसकी हालत इतनी खराब हो गई है कि बच्चे गिरते-पड़ते स्कूल पहुंचते हैं। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी थी कि यदि नमाज पढने में समस्या हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता माबूद खां, सरवर खां, बल्ला, एनुल-हक, किशन लाल, बसंत लाल, सुभाष चंद, जयप्रकाश, ओम प्रकाश, गंगाराम, कैलाश, राजाराम, सुरेश कुमार, छेदीलाल, शब्बीर अली, वसीम खान, अनवर अली, मुर्तजा आदि रहे।