ज्ञानपुर। जिले में बनाए गए छह केंद्रों पर बुधवार को भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हो गई। नकल रोकने को लेकर जहां गेट पर जांच कर अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज, ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज ज्ञानपुर, गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज, गोपीगंज, एमए समद इंटर कालेज भदोही एवं श्रीइंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कालेज भदोही को केंद्र बनाया गया है।
सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया मिलजुली रही। पहली पाली में पंजीकृत 2976 में से 2302 ने परीक्षा दी तो 674 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरी पाली में 2976 में से 2349 ने प्रतिभाग किया, 627 अभ्यर्थी परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया की दोनों पाली में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। कोई परीक्षार्थी नकल करते नहीं पाया गया।