रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ओर रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए शनिवार को पकरी रेलवे फाटक आठ घंटे बंद रहने से शहर में जाम की स्थिति रही। इससे नई दिल्ली की ओर जा रही काशी विश्वनाथ ट्रेन को छोड़ कर दूसरे ट्रेनों पर तो असर नहीं पड़ा, लेकिन शहर के कई मार्ग भीषण जाम की चपेट में रहे। ट्रैक मरम्मत का कार्य रविवार को भी चलेगा और रेलवे प्रशासन ने फाटक आठ घंटे बंद करने की घोषणा की की है।
शनिवार को सुबह आठ बजे से पकरी रेलवे फाटक बंद कर दिया गया। पहले तो लोगों को लगा का रूटीन बंदी होगी, लेकिन बाद में पता चला कि आठ घंटे तक फाटक बंद रहेगा तो लोग घबराकर लौटने लगे। पकरी रेलवे फाटक बंद होने से स्टेशन रोड, लिप्पन तिराहे की ओर वाहन चले गए। स्टेशन रोड और लिप्पन तिराहा भी जाम हो गया। स्टेशन रोड से जुड़ी गलियां भी जाम की चपेट में आ गई। शाम 4.45 बजे तक रेलवे फाटक खोला गया। भदोही नगर में मुल्ला तालाब, लिप्पन तिराहा, फ्लाईओवर, तकिया कल्लन शाह की ओर दिन भर भीषण जाम रहा। दोपहर में स्कूलों से बच्चों की छुट्टी के बाद जाम की समस्या गहरा गई। भदोही स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि सुबह 8 बजे से मरम्मत कार्य हुआ। तब से से लेकर शाम को 4.45 बजे फाटक खोलने के बाद यातायात सुचारू हो सका। बताया कि रविवार को भी मरम्मत का कार्य होगा। इससे सुबह 8 बजे से आठ घंटे तक यातायात प्रभावित रहेगा। पकरी रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य से ट्रेनों के आवागमन पर विशेष फर्क नहीं पड़ा। केवल 15127 बनारस-नई दिल्ली केवी एक्सप्रेस ही एकमात्र ट्रेन प्रभावित रही। इस ट्रेन को थोड़ा थोड़ा सेवापुरी, परसीपुर और भदोही स्टेशनों पर रोककर रखा गया। ट्रेन जब भदोही स्टेशन से छूटी तो 2.22 घंटे विलंब हो चुकी थी।