ज्ञानपुर/जंगीगंज। कोइरौना थाना क्षेत्र के खेदौपुर ग्राम पंचायत में प्रतापशाह गांव स्थित बस्ती में सोमवार को उल्टी-दस्त से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। वहीं छह लोग बीमार हैं। इनमें से चार की हालत ठीक न होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ में भर्ती कराया गया। उल्टी-दस्त से मौत की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने गांव में क्लोरीन की गोलियां बांटी और ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी।
प्रतापशाह गांव की बस्ती में राजित राम की मां 75 वर्षीय गंगा देवी को अचानक उल्टी-दस्त होने लगी। सोमवार को उनकी मौत हो गई। इसी बीच कृष्णकांत की पत्नी अंशु (35) व पुत्री अंकिता (4) भी बीमार हो गईं। परिवार के लोगों ने दोनों का प्राथमिक उपचार कराया तो थोड़ा आराम हुआ, लेकिन मंगलवार को पुन: परिवार के कुछ लोग बीमार हो गए। साधना (15) पुत्री राजित, सुमन (30) पत्नी मनोज, सोनकली (65) पत्नी मनीलाल व छोटेलाल (60) को भी उल्टी-दस्त होने लगी। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। जानकारी मिलने पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साधना, सुमन, सोनकली व छोटेलाल को सीएचसी डीघ भेजा। वहां चारों का इलाज चल रहा है। अंकिता और अंशु की हालत ठीक बताई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार, उल्टी-दस्त का कारण क्या है इसके बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इसकी पड़ताल अलग से की जा रही है।