ज्ञानपुर। जिले के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय के 60 हजार छात्र-छात्राओं को अब दूसरे चरण में यूनिफार्म, बैग, स्टेशनरी आदि का धन दिया जाएगा। पोर्टल पर आधार कार्ड फीड हो चुका है। 10 सितंबर तक शासन स्तर से अभिभावकों के खाते में 1200-1200 रुपये डीबीटी की जाएगी। पहले चरण में अगस्त के शुरुआती सप्ताह में एक लाख 28 हजार विद्यार्थियों को धन भेजा गया था। कोरोना संक्रमण के कारण साल 2020 और 2021 में बेसिक शिक्षा काफी प्रभावित हुई थी। इसे देखते हुए शासन ने 2021 में बच्चों के यूनिफार्म, बैग, जूता आदि का पैसा अभिभावकों के खाते में भेजा था। 2022 में भी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के एक लाख 28 हजार विद्यार्थियों के ड्रेस का पैसा अभिभावकों के खातों में भेजा जा चुका है। आधार कार्ड प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड न होने के कारण 60 हजार से अधिक का पैसा डीबीटी नहीं हो सका था। शिक्षा महानिदेशक के निर्देश पर ऐसे बच्चों को चिह्नित कर महीने भर के अंदर आधार नंबर फीड करने का निर्देश दिया गया। जिन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बनाया गया था, उन्हें बनवाया गया और जिनके आधार कार्ड में तकनीकी खामियां थीं, उसे सुधारा गया। जिला और ब्लॉक स्तर पर 50 हजार बच्चों का आधार पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। एक सप्ताह के अंदर शेष 10 हजार बच्चों का अपलोड किया जाना है। जिला समन्वयक कल्पनाथ मिश्र ने बताया कि 60 हजार नए बच्चों का डॉटा भी अपलोड किया जा चुका है। 10 सितंबर तक शासन स्तर से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) और पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम) से सरकार पैसा अभिभावकों के खातों में भेजेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को प्रेरणा पोर्टल के ऊपर बच्चों की डिटेल जैसे नाम, पिता का नाम, खाताधारक का नाम, खाता संख्या, बैंक का नाम, आईएफएस कोड आदि सत्यापित कर बीईओ को भेजने की व्यवस्था दी गई है। बीईओ उसे बीएसए को भेजेंगे, जहां से पूरी डिटेल लखनऊ भेजी जानी है। वहां से पैसा सीधे मां या पिता के खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। शिक्षकों को डिटेल भरते समय यह ध्यान रखना है कि बच्चे, माता-पिता या किसी अन्य अभिभावक के नाम की स्पेलिंग में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।