ज्ञानपुर। रबी सीजन में मांग बढ़ने से निजी दुकानों पर मिलावटी और घटिया खाद-बीज, कीटनाशक की बिक्री हो रही है। डीएम गौरांग राठी के निर्देश पर शनिवार को तीनों तहसीलों में बनी टीमों में शामिल अफसरों ने 33 खाद-बीज की दुकानों पर छापा मारकर स्टॉक रजिस्टर, रेटबोर्ड की जांच की। दुकान बंद होने और स्टॉक रजिस्टर न रखने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। दो अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
कई दुकानों पर खाद-बीज के अधिक कीमत लेने की शिकायत मिलने पर प्रशासन सख्त हो गया है। ज्ञानपुर, भदोही और औराई तहसील में जांच के लिए बनी टीम में शामिल सहायक आयुक्त एवं निबंधक राघवेंद्र शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, उप निदेशक कृषि डॉ. अश्वनी सिंह और भूमि संरक्षण अधिकारी ने शनिवार को 33 दुकानों की जांच की। स्टॉक रजिस्टर न मिलने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। रेटबोर्ड न लगाने पर संत खाद एवं बीज भंडार सुरियावां, साधन सहकारी समिति वेदमनपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 33 दुकानों की जांच में खाद-बीज और कीटनाशक के 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए। कहा कि खाद-बीज में मिलावट और गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।