औराई। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रामबाग खंड पर शनिवार को माधोसिंह से कछवां रोड स्टेशन तक पूर्ण हुए दोहरीकरण का सफल परीक्षण संरक्षा आयुक्त पूर्वी जोन मो. लतीफ खान ने 122 कि लोमीटर प्रति घंटा की गति से ट्रायल ट्रेन चलवाकर किया। निर्धारित समय पर टीम के साथ पहुंचे संरक्षा आयुक्त ने सर्वप्रथम स्टेशनों को सैनिटाइज कराने के बाद भी कदम नीचे रखना मुनासिब समझा। परीक्षण के बाद वह ठेला गाड़ी से एक-एक प्वाइंट, फिटिंग्स, साइडिंग बोर्ड, ओवर हेड लाइन, पावर सब स्टेशन, समपार, कर्वेचर, पुल, नए कलरयुक्त सिग्नल, टर्न आउट्स, बैलास्टिंग एवं पैकिंग, क्लीयरेंस पॉइंट्स, क्रासिंग, रिले रूम, वीडीयू पैनल, क्रैंक हैंडिल, फुट ओवरब्रिज, नए प्लेटफार्म, यात्रियों की सुरक्षा/संरक्षा पर विशेष नजर दौड़ाई। कहा कि शीघ्र ही अधूरे कार्य पूरे कराकर सुविधाओं मुहैया कराई जाएंगी। निरीक्षण के बाद अब दोहरी लाइन पर भी माधोसिंह से मंडुआडीह तक विद्युत चालित ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाने से ट्रेनों के लेटलतीफी और समय में भी बचत होने लगेगी।
बताते हैं कि लगभग दो वर्ष उक्त खंड पर रेल विकास निगम की ओर से दोहरीकरण, प्लेटफार्म विस्तारीकरण, भवन निर्माण जैसे कार्य शुरू कराए जा चुके हैं। कछवां से मंडुआडीह तक गत वर्ष ही दोहरीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष बचे भाग को पूर्ण कराने की गति बढ़ी थी जिसे पूरा कराने के लिए आठ जून से ताकत झोंकी जा रही थी। अब माधोसिंह से हंडिया तक अधूरे पड़े कार्य की ओर ध्यान केंद्रित हो चुका है। निरीक्षण के समय आरके यादव, आरके सिंह, पीयूष सिंह, डीआरएम वीके पंजियार, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी बलबीर यादव, राजीव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित गुप्ता, सत्येंद्र यादव, आशुतोष पांडेय, सीपीएम विकास चंद्रा, सत्यम सिंह आदि रहे।