{"_id":"69444f23d7d5453ed00b4e09","slug":"daytime-temperature-drops-9-degrees-melting-snow-causes-shivers-6-trains-cancelled-bhadohi-news-c-191-1-gyn1003-136262-2025-12-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhadohi News: 9 डिग्री गिरा दिन का पारा, गलन से छूटी कंपकंपी, 6 ट्रेनें निरस्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhadohi News: 9 डिग्री गिरा दिन का पारा, गलन से छूटी कंपकंपी, 6 ट्रेनें निरस्त
विज्ञापन
ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को दिन का तापमान नौ डिग्री गिरकर 15.6 डिग्री पर पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में महज छह डिग्री का अंतर बचा है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और पछुआ हवाओं के प्रभाव से मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ है। हवाओं की रफ्तार करीब 12 किमी प्रतिघंटे रही। इससे गलन का अहसास हुआ। बृहस्पतिवार को दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। घने कोहरे का असर 12 बजे तक बना रहा। कोहरे के कारण छह ट्रेनें निरस्त हो गईं। वहीं सात-आठ ट्रेनें तय समय से चार से पांच घंटे की देरी से चलीं। जिले में बृहस्पतिवार को घने कोहरे के कारण सुबह 10 बजे तक दृश्यता केवल 10 से 15 मीटर रही। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटा लेकिन सर्द हवाओं के कारण गलन ने कंपकंपी छुड़ा दी। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। महीने में चौथी बार घने कोहरे का असर देखने को मिला। तीन दिनों से मौसम में थोड़ा बदलाव हुआ था और तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई थी लेकिन बृहस्पतिवार को दिन का तापमान अचानक नौ डिग्री तक गिर गया। बुधवार को दिन का तापमान जहां 24.5 डिग्री था, वहीं बृहस्पतिवार को यह 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। सड़कों पर भी वाहन रेंगते नजर आए। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से पछुआ हवाओं का प्रभाव तेज हुआ है। इससे घने कोहरे का असर बना है। अगर हवा की दिशा में बदलाव नहीं होता है तो इस तरह का मौसम आगामी कई दिनों तक बना रह सकता है। जिले के ग्रामीण इलाकों में अलाव की व्यवस्था नहीं दिखी। नगरीय क्षेत्रों में अलाव और रैन बसेरे दिख रहे हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों में लोग पुआल आदि जलाकर काम चला रहे हैं। औराई, लालानगर, बाबूसराय, महाराजगंज, सीतामढ़ी, वहिदानगर, ऊंज, कौलापुर, जंगीगंज, सर्रोई, अभोली, दुर्गागंज और मोढ़ जैसे इलाकों में अलाव नहीं जल रहे हैं। वहीं अब तक किसी भी तहसील में कंबल वितरण नहीं हो सका है। नवंबर में ही तीनों तहसीलों के लिए पांच-पांच लाख रुपये जारी हुए थे। वहीं अलाव के लिए 50-50 हजार रुपये जारी हुए लेकिन अब तक कहीं भी यह व्यवस्था नहीं हो सकी है। कोहरे ने ट्रेनों के परिचालन पर भी असर डाला है। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर से कानपुर जाने वाली ट्रेन तीन घंटे, दानापुर सुपर एक्सप्रेस, आधा घंटा, पवन एक्सप्रेस, आधा घंटा, प्रयागराज से हावड़ा जाने वाली विभूति एक्सप्रेस, एक घंटा, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस चार घंटा, बनारस रामबाग प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर एक घंटे और बलिया स्पेशल ट्रेन दो घंटे देरी से पहुंची। इसी तरह भदोही स्टेशन पर जोधपुर-वाराणसी डेढ घंटा, ग्वालियर-बनारस साढे तीन घंटा और हावड़ा अमृतसर सवा तीन घंटा लेट रहा। इसके अलावा बनारस देहरादून, एनडी-बनारस, गोरखपुर-एलटीटी बृहस्पवितार और बनारस-एनडी, देहरादून-बनारस, दुर्गा-छपरा 19 को निरस्त रहेगी। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने आठवीं तक के सभी स्कूलों समय परिवर्तित कर दिया है। स्कूलों का समय सुबह नौ से तीन के बजाय अब सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक कर दिया गया है। यह निर्देश सरकारी और प्राइवेट दोनों विद्यालयों पर लागू होंगे। जिले के परिषदीय स्कूलों में बृहस्पतिवार को 50 फीसदी तक उपस्थिति कम रही। घने कोहरे और शीतलहर के बीच ठंड के कारण जिले के 725 निजी और 885 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित रही। निजी विद्यालयों में कुछ ठीकठाक उपस्थिति रही लेकिन कई परिषदीय स्कूलों में बच्चे कम पहुंचे।
विज्ञापन