ज्ञानपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सेेनिया गांधी से ईडी द्वारा पूछताछ किए जाने से नाराज कांग्रेसियों ने बुधवार को ज्ञानपुर में विरोध प्रदर्शन किया। गांधी पार्क में एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि केंद्र सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। कहा कि सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
ज्ञानपुर में गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठे पार्टी के जिलाध्यक्ष राजन दुबे ने कहा कि जब से चुनाव बीता है तब से केंद्र सरकार एक अभियान चलाकर मात्र ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। अब जब कोई मुद्दा नहीं मिला तो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद सोनिया गांधी को झूठे मामले में उलझा कर पूछताछ के नाम पर परेशान किया जा रहा है। यह एक सोची-समझी साजिश है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आंख में पट्टी बांधकर सिर्फ ऐसे कारनामे कराए जा रहे हैं जिससे आम जनता एक-दूसरे की दुश्मन बन जाए। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग, विपक्ष के नेताओं को परेशान करने, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, उत्पीड़न को अब कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्र सरकार ने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं लाया तो आंदोलन के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। विरोध-प्रदर्शन में सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, माबूद खान, जिला दुबे, राजेश्वर दुबे, कर्मचंद बिंद, महेश मिश्रा, हरिश्चंद्र दुबे, वसीम अंसारी, लालमनि चौरसिया आदि रहे।