पाली। क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में बृहस्पतिवार को भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें 11 लोग घायल हो गए। घायलों को सुरियावां सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसमें दो घायलों की हालत नाजुक बनी रही।
पट्टे की जमीन को लेकर दो पक्षों में रंजिश चल रही है। एक पक्ष के तीन लोगों को भदोही तहसील प्रशासन की ओर से कृषि भूमि का आवंटन 1976 में किया गया था, जिस पर दूसरा पक्ष कब्जा कर अपना हक जता रहा था। शिकायत पर 25 नवंबर को तहसीलदार विजय कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर आवंटियों को कब्जा दिलाने के बाद लौट गई। तभी से दोनों पक्षों में खुन्नस बढ़ने लगी थी। दूसरे पक्ष ने भूमि पर पुन: कब्जा कर लिया। बृहस्पतिवार को इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। मारपीट में जमकर ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं। इसमें एक पक्ष से लालती देवी (45), अनूप कुमार (22), विजय शंकर (45), पन्नालाल (50), स्नेहलता (19), अनुज कुमार (12), शिवानी (16), श्याम सूरत (28) और दूसरे पक्ष से ओमप्रकाश (45), नन्हेलाल (50), जीरा देवी (48) घायल हो गईं। सुरियावां थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।