लालानगर। गोपीगंज कोतवाली के अलग-अलग गांवों में दिवाली के दिन हुईं मारपीट की घटनाओं में 19 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार गोपीगंज सीएचसी में कराया गया। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। पहली घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर घाट पर हुई। स्थानीय मीरा देवी (16) से सोमवार की रात पड़ोस के कुछ दबंगों ने मारपीट की। इससे वह घायल हो गई। इसी तरह गोपीगंज के कोलेरा गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दामोदर राम यादव (55), रिंकू यादव (30), शमशेर यादव (38), राहुल यादव (20) घायल हो गए। इसी तरह लालानगर गांव में दिवाली के दिन पटाखा छोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इसमें मनोज कुमार (40), नंदलाल (60), कैलाश (35), रानी (19) में घायल हो गए। चंद्रपुरा गांव में दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें विशाल कुमार (16) घायल हो गया। इसी तरह बैदा खास गांव में गुड़िया (25) मारपीट में घायल हो गई। लोहार खास गांव में आपसी विवाद के बाद मनीष कुमार (18), छविनाथ (52), सतीश कुमार (32), माता चरण (36) घायल हो गए। रायपुर में आपसी विवाद के बाद गुड़िया देवी (27), मुकेश कुमार (32), दिनेश कुमार (33) घायल हो गए। वहीं गोपीगंज नगर के जामा मस्जिद गली निवासी मोहम्मद समीर (18) मारपीट में घायल हो गए। गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि जिन मामलों में तहरीर मिली है, उनकी जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।