ज्ञानपुर। राष्ट्रीय आय व योग्यता छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा रविवार को कड़ी निगरानी के बीच छह केंद्रो पर संपन्न हो गई। परीक्षा में 157 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दिव्यांग छात्र-छात्राओं को एक घंटे अतिरिक्त समय दिया गया। निगरानी के लिए परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्ग के विद्यार्थियों को पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से राष्ट्रीय आय व योग्यता छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में आठवीं कक्षा के 2570 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। रविवार को छह केंद्रो पर सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक परीक्षा हुई। भदोही के नेशनल इंटर कॉलेज में पंजीकृत 500 छात्र-छात्राओं में 473 उपस्थित और 27 अनुपस्थित रहे। काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज में 42, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज सगररायपुर में 30, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में 21, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में नौ और सुरियावां के सेवाश्रम इंटर कॉलेज में 28 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि सभी केंद्रो पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को नौवीं से 12वीं तक हर साल 12-12 हजार की छात्रवृत्ति मिलेगी।