ज्ञानपुर। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक करोड़ 76 लाख की लागत से 1470 एकल शौचालय बनाए जाएंगे। करीब दो महीने के सत्यापन में पात्रों का चयन पूर्ण हो चुका है। अब उनके खाते में पीएमएफएस से 12-12 हजार की राशि भेजने की तैयारी चल रही है।
स्वच्छ भारत मिशन के पहले चरण में जिले की 546 ग्राम पंचायतों में दो लाख 35 हजार एकल शौचालय बनाए गए हैं। दूसरे चरण में करोड़ों रुपये खर्च कर 777 सामुदायिक शौचालय बनाए गए, जिसमें अभी कुछ पूर्ण नहीं हो सके हैं। इस दौरान व्यक्तिगत शौचालय से वंचित लोगों से आनलाइन आवेदन मांगा गया था। मिशन की ओर से दिए गए पोर्टल पर 10 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन कर दिया, जबकि शासन की ओर से चालू वित्तीय वर्ष में 1470 का ही लक्ष्य मिला। पात्रों के चयन के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी से सत्यापन कराकर पात्रों का चयन किया गया। अब पात्रों के खाते में शौचालय निर्माण के लिए 12-12 हजार रूपये भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला समन्वयक सरोज पांडेय ने बताया कि शासन की ओर से 1470 शौचालय का लक्ष्य मिला था, जबकि आवेदन 14 हजार के करीब आए। इसमें वास्तविक पात्र का चयन करने के लिए सत्यापन कराया गया, जो पूर्ण हो चुका है। लाभार्थियों के खाते में पैसा भेजने के लिए उनका खाता नंबर मंगाया गया है। पखवारे भर के अंदर शौचालय निर्माण की धनराशि खाते में भेज दी जाएगी।