{"_id":"5a3c01e24f1c1bc8678c2d45","slug":"131513882082-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रफ्तार की मार: हाईवे पर हड़कंप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रफ्तार की मार: हाईवे पर हड़कंप
Updated Fri, 22 Dec 2017 12:18 AM IST
विज्ञापन
बाबूसराय। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन घने कोहरे में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। बुधवार को औराई क्षेत्र के कोठरा गांव के समीप कोहरे में छह बड़े वाहनों के टकराने की घटना अभी लोगों की जुबान से उतरी भी नहीं थी कि बृहस्पतिवार को सुबह बाबूसराय बाजार के समीप तड़के चार वाहन एक के बाद एक, एक-दूसरे से टकरा गए। इसमें एक डीसीएम के चालक और खलासी घायल हो गए। दो अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए। इससे राजमार्ग पर तकरीबन एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे पूर्व रात में हुई एक अन्य घटना में अनुबंधित बस एक ट्रक से भिड़ गई। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर बाबूसराय के समीप बृहस्पतिवार की सुबह करीब पौने छह बजे वाराणसी से इलाहाबाद की तरफ जा रहे एक डीसीएम ट्रक ने आगे चल रहे ट्रेलर को एकाएक सामने देखकर अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे डीसीएम के चालक और खलासी इलाहाबाद निवासी क्रमश: चंद्रमा पांडेय और मुन्ना घायल हो गए। पीछे आ रहा एक टूरिस्ट वाहन क्रूजर क्लासिक डीसीएम में भिड़ गया। अभी लोग वाहन से निकल ही रहे थे कि पीछे से आ रही एक टाटा जेस्ट कार टूरिस्ट वाहन में भिड़ गई। इसके बाद कई वाहन भिड़ते-भिड़ते बचे। दुर्घटना में दो अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार समीप के एक निजी चिकित्सालय में कराया गया। वाहनों के टकराने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। दक्षिणी लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवाया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। इससे पूर्व रात में हुई एक अन्य घटना में अनुबंधित रोडवेज बस कोहरे के कारण एक ट्रक से जा भिड़ी। इससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन