बस्ती। जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली में रविवार को पुरातन छात्र सम्मेलन हुआ। इस दौरान विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले तमाम पुरातन छात्रों का जमावड़ा हुआ। सभी ने एक दूसरे मिलकर पुरानी यादें साझा की। पुरातन छात्रों ने अध्ययनरत बच्चों को सफलता के टिप्स भी दिए। विद्यालय के विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले मेधावियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्यामलाल यादव और विद्यालय के प्राचार्य अमित सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पुष्प अर्पित करके किया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय की साख बढ़ती है। विभिन्न क्षेत्रों में सफल लोग जब अपने पुराने विद्यालय में पहुंचते हैं तो अध्ययनरत बच्चों के लिए प्रेरणस्रोत बनते हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए कॅरियर संवारने में काम आता है। प्राचार्य ने पुरातन छात्रों के साथ अध्ययनरत बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान रवीश फाउंडेशन की तरफ से विद्यालय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र- छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को पूर्व उपायुक्त नवोदय विद्यालय डाॅ. एमडी मिश्र, पंकज शुक्ल, डाॅ. डीएस कुमार आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर विद्यालय के पुरातन छात्र संघ के अध्यक्ष विजय वर्मा, उपाध्यक्ष विवेक वर्मा, उपाध्यक्ष रामविलास, वेद प्रकाश राय, डॉ. पंकज सिंह, वंदना, ज्योतिका, प्रियंका सिंह, रेनू मिश्रा, किरण शुक्ला, अमित जायसवाल आदि मौजूद रहे।