देवरिया: 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज, स्कूल बैग में मिला अनजान मोबाइल
सदर कोतवाली क्षेत्र से 17 वर्षीय छात्रा 26 नवंबर की शाम से लापता है। मां ने बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा किए जाने और उसकी जान को खतरा होने की आशंका जताई है।
विस्तार
सदर कोतवाली क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। छात्रा 26 नवंबर की शाम चार बजे से लापता है। रिश्तेदारों के यहां तलाशने के दौरान भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। छात्रा के स्कूल बैग में एक अनजान मोबाइल मिला है। मां ने बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए उसकी जान को खतरा बताया है। उनकी शिकायत पर 28 नवंबर को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
बृहस्पतिवार शाम से है लापता
लार थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने सदर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर कमरा ले रखा है। वह अपने बच्चों के साथ यहीं रहती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे से लापता है। उन्होंने सभी रिश्तेदारों के यहां बेटी के बारे में पता किया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली।
बैग में मिला अनजान मोबाइल
तलाश के दौरान उन्होंने बेटी का स्कूल बैग देखा तो उसमें एक ऐसा मोबाइल मिला, जिसके बारे में उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस से बेटी की तलाश करने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। सदर कोतवाली पुलिस ने शनिवार दोपहर दो बजकर 18 मिनट पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की।
सीओ राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।
