Basti: व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर एक्ट में पुलिस ने की कार्रवाई
हिस्ट्रीशीटर श्रवण पटवा ने बताया कि उसने सिद्धार्थनगर जेल में हत्या के आरोप में बंद बदमाश हनुमंत पांडेय के नाम से धमकी थी। इस मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई किया था, जिसके क्रम में यह कुर्की की गई।
विस्तार
पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के व्यापारी से नवंबर 2021 में 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले के आरोपी श्रवण पटवा की वाल्टरगंज थाने के पैड़ा चौराहा पर स्थित संपत्ति की बुधवार को कुर्की की गई। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पुरानी बस्ती पुलिस ने कार्रवाई की थी। जिसकी विवेचना वाल्टरगंज थानाध्यक्ष कर रहे हैं। इसी क्रम में डीएम प्रियंका निरंजन के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसओ ने डुग्गी-मुनादी करवाते हुए डीएम का आदेश लाउडस्पीकर से सुनाना शुरू किया तो लोगों की भीड़ जुट गई। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के विवेचक योगेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी श्रवण पटवा निवासी बेलभारियाहाल मुकाम पैड़ा चौराहा थाना वाल्टरगंज ने अपराध से काफी संपत्ति अर्जित की। जिसमें पैड़ा खरहरा मार्केट में मुख्य सड़क पर दो बिस्वा जमीन, उस जमीन पर बना मकान एवं उसी जमीनके पीछे नमकीन की फैक्टरी, मशीन, जनरेटर, एक सामान ढोने वाली गाड़ी, दो मोटरसाइकिल कुर्क की गईं। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 01 करोड़ 80 लाख रुपये है।
26 नवंबर 2021 को पुरानी बस्ती थाने के पांडेय बाजार निवासी गल्ला व्यापारी प्रद्युम्न गुप्ता की मोबाइल पर 10 लाख की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों ने फोन किया था। इसके बाद 28 नवंबर को व्यापारी को धमकी भरा फोन आया। धमकी देने वाले ने अपना नाम हनुमंत पांडेय बताया और रंगदारी न देने पर व व्यापारी के बेटे को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित व्यापारी ने इसकी शिकायत पुरानी बस्ती थाने पर की। पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज का जांच शुरू की तो श्रवण पटवा को उसके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान हिस्ट्रीशीटर श्रवण पटवा खुलासा किया कि उसका नमकीन बनाने का कारखाना है, जिसके लिए तेल, बेसन आदि गल्ला व्यापारी प्रदुमन दुप्ता की दुकान से जाता था। बकाया ज्यादा होने पर व्यापारी ने सामान देना बंद कर दिया था। जिसके बाद उसने व्यापारी से रंगदारी मांगने का प्लान बनाया।