{"_id":"5b2fd2694f1c1bb26e8b9ba7","slug":"181529860713-basti-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"भीषण गर्मी, लो वोल्टेज, हर घंटे कटौती, उपभोक्ता बेहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भीषण गर्मी, लो वोल्टेज, हर घंटे कटौती, उपभोक्ता बेहाल
Updated Sun, 24 Jun 2018 11:09 PM IST
विज्ञापन
light
विज्ञापन
बस्ती। पारा 40 से ऊपर चल रहा है। विद्युत निगम की व्यवस्था भी ऊपर वाले के भरोसे है। ऐसे में भीषण गर्मी लो वोल्टेज व हर घंटे कटौती उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। कटौती व लो वोल्टेज ने दिन का चैन व रात की नींद उड़ा दी है।
इस अव्यवस्था को छिपाने में निगम पूरी ताकत लगाए हुए है। इसके लिए जांच की आड़ ले रखी है। मास रेड अभियान चलाकर वह उपभोक्ताओं को भयभीत करने में जुटा है, जिससे वे बिजली की जर्जर व्यवस्था पर आवाज न उठाएं। इसके चलते शहर से लेकर गांवों तक विद्युत उपकरण संचलन संकट में हैं। शहरी क्षेत्र में तो हालात ने पानी का भी संकट खड़ा कर दिया है। लो-वोल्टेज और कटौती के चलते लोग छत पर टहल कर रात बिता रहे हैं। गांधी नगर निवासी आदित्य तिवारी कहते हैं कि सरकार के तमाम दावों के विपरीत विद्युत निगम मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है। दिन व रात में कई बार बिजली के आने जाने का सिलसिला थमा नहीं है। उस पर लो-वोल्टेज के चलते विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। शिक्षक दिव्या सिंह कहती हैं कि बिजली की समस्या ने मुसीबत पैदा कर दी है। लो-वोल्टेज व अन्य अव्यवस्थाओं से निपट पाने में अक्षम निगम अब जांच की आड़ लेकर उपभोक्ताओं में भय पैदा कर रहा है, जिससे वे अव्यवस्था पर चुप्पी साधे रहें। ब्लाक रोड निवासी अपूर्व शुक्ल कहते हैं कि बिजली निगम पर सरकार के आदेश का कोई असर नहीं है। भीषण गर्मी में रात घूम कर बिताना पड़ रहा है। क्योंकि लो वोल्टेज के चलते पंखे चलते जरूर हैं, मगर हवा नहीं लगती। समस्या दूर करने के बजाय निगम के जिम्मेदार उपभोक्ताओं को परेशान करने में जुटे हैं। तुरकहिया निवासी गृहणी सुमन मिश्रा कहती हैं कि बिजली की हालत बेहद दयनीय है। भीषण गर्मी में किचन से काम करने के बाद कुछ आराम करने की सोचती हूं तो पता चलता है कि लाइन गायब है। थोड़ी देर में आई भी तो लो-वोल्टेज के चलते पंखे व कूलर चल ही नहीं पाते। ऐसे में खासी परेशानी होती है। रात में तो छत पर घूमने के सिवा कोई विकल्प नहीं होता।
विज्ञापन
मुख्य अभियंता इं. ओपी यादव कहते हैं कि लो-वोल्टेज की समस्या ट्रांसमिशन से कम आपूर्ति के कारण है। इसके लिए पत्र लिखा गया है। कटौती तो ऊपर से नहीं हो रही है, मगर गर्मी के चलते ओवरलोड ट्रांसफार्मर व तार से लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है। इसे भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन