Budaun: बरेली में उपचार के दौरान युवती की मौत, परिजन बोले- अगर तैयार होते युवक के परिवार वाले तो कर देते शादी
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम कुरऊ निवासी अभिषेक पटेल और शहर के नजदीकी गांव नगला शर्की निवासी शिवानी पटेल ने रविवार दोपहर वीडियो कॉलिंग पर बात करते-करते विषाक्त पदार्थ खा लिया था। इससे दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। शाम के समय युवक की मौत हो गई थी। उसके परिवार वाले शव को अपने घर ले गए थे। तब उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी थी। इधर, हालत देखकर परिवार वाले शिवानी को बरेली ले गए थे। उन्हाेंने उसको बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रातभर उसका वेंटीलेटर पर उपचार चला। सोमवार सुबह करीब नौ बजे युवती की मौत हो गई।
दोपहर करीब तीन बजे उसके शव का बरेली में पोस्टमार्टम कराया गया। फिर शाम को लालपुल शमशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार वालों ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह युवती की मर्जी के खिलाफ नहीं थे, लेकिन युवक के ही परिवार वालों ने शादी से इन्कार कर दिया था। वह उनकी क्षमता से ज्यादा दहेज मांग रहे थे। इससे उन्होंने युवती का दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। इस वजह से दोनों युवक-युवती ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसमें जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।