Bareilly News: बवाल के बाद 40 घरों पर 'मकान बिकाऊ है' किसने लिखा? पुलिस जांच में सामने आई ये बात
बरेली के जोगी नवादा में आठ दिनों में दो बार बवाल हुआ। इसके बाद 40 घरों की दीवारों पर मकान बिकाऊ है, लिख दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि चार खुराफातियों ने लोगों को ऐसा करने के लिए उकसाया गया था। खुराफातियों पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है।
विस्तार
बरेली के जोगी नवादा में घरों की दीवारों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाने के मामले में जांच से साफ हुआ है कि चार खुराफातियों ने इसके लिए लोगों को उकसाया था। पुलिस और खुफिया विभाग की जांच में इनके नाम सामने आने के बाद सीसीटीवी व सर्विलांस से पुष्टि की जा रही है, फिर इन पर कार्रवाई हो सकती है।
जोगी नवादा में आठ दिन में दो बार बवाल होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। यहां एक बार पथराव तो दूसरी बार लाठीचार्ज की घटना हुई। मंगलवार को जहां एक समुदाय के घरों के सामने ‘मकान बिकाऊ है’ लिखा था। वहीं कई गलियों के बाहर लिख दिया कि इस गली के सारे मकान बिकाऊ हैं।
ये भी पढ़ें- 'चौकी इंचार्ज करते हैं अपमानित': ये आरोप लगाकर हेड कांस्टेबल ने खुद को मारी दो गोलियां, पुलिस महकमे में खलबली
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि जांच में पता चला है कि करीब 40 घरों के सामने इस तरह की बात लिखी गई है। जिन लोगों के घरों के बाहर यह लिखा गया है, उनसे पुलिस और खुफिया अमले की टीम ने बात की। इनमें से अधिकांश लोगों का कहना था कि तीन-चार लोगों के कहने पर उन्होंने ऐसे पोस्टर लगाए या लिखा।
आधे लोग लिखना नहीं जानते
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जिन घरों के बाहर यह बात हाथ से लिखी गई, उनमें रहने वाले ज्यादातर लोग लिखना भी नहीं जानते हैं। जबकि घरों के बाहर लिखावट लगभग एक ही जैसी है। यह बात भी सामने आई है कि मोहल्ले के ही एक पेंटर ने कुछ लोगों के साथ घूम-घूमकर यह लिखा है। अब सीसीटीवी फुटेज में तलाशा जा रहा है कि सच्चाई क्या है।
ये भी पढ़ें- UP: शाहजहांपुर में आरएसएस कार्यालय पर हमला, हमलावरों ने की तोड़फोड़, फायरिंग कर फैलाई दहशत
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि चक महमूद और जोगी नवादा में माहौल बेहतर हो गया है। लोग अपने कामकाज से निकल रहे हैं, लगभग सभी दुकानें खुल रही हैं। पुलिस की तैनाती केवल सुरक्षा के लिहाज से ही है। उकसाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। माहौल बिगाड़ने वालों पर ही कार्रवाई होगी, चाहे वे किसी वर्ग के हों।