UP News: खुदागंज में तीसरे दिन भी चला बुलडोजर, संस्कृत महाविद्यालय की दीवारों को ढहाया गया
मैनपुरी के वेबर से कटरा होते हुए खुदागंज से पीलीभीत तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। हाईवे की जद में आने वाले भवनों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक रविवार को भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुदागंज में हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर तीसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहा। शनिवार को संस्कृत महाविद्यालय की शेष रह गईं सभी दुकानें तोड़ी गईं। वहीं व्यापारी निर्माण तोड़ने पर मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक रविवार को अभियान जारी रहेगा।
228 भवनों को तोड़ा जाएगा
मैनपुरी के वेबर से पीलीभीत तक राष्ट्रीय राजमार्ग 730 सी के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। चौड़ीकरण कार्य में खुदागंज क्षेत्र के 228 भवन बाधक बन रहे हैं। इनमें अधिकतर दुकानें हैं। अतिक्रमण हटाने को लेकर सभी भवनों पर नोटिस चस्पा किए गए थे। उन्हें तीन दिन का समय दिया गया था।
सीमा समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। शनिवार को तीसरे दिन नायब तहसीलदार मनु माथुर के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों से महाविद्यालय की दुकानों को तोड़ा गया। शुक्रवार को 10 पक्के निर्माण जेसीबी से तोड़े गए थे।
डीएम से की थी मुआवजे की मांग
व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृपा शंकर रस्तोगी ने बताया कि उन्होंने व्यापारियों को साथ लेकर डीएम से मुआवजे की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई भी आश्वासन नहीं मिला। व्यापारी होने वाली क्षति के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
व्यापारियों ने कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलता है, वे कोई तोड़फोड़ नहीं करेंगे। नायब तहसीलदार मनु माथुर ने बताया कि मुआवजे की कार्यवाही प्रस्तावित है। अभियान के दौरान थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह सहित पुलिस बल के साथ मौजूद रहा।