बरेली: कटिया डालकर रोशन हो रहा था घर, 17 केवी की बिजली चोरी पकड़ी, दो लोगों पर मुकदमा
प्रवर्तन दल (एंटी पावर थेफ्ट) प्रथम की टीम ने मंगलवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र में विहार मान नगला निकट एक मकान में बिजली चोरी पकड़ी। यहां कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विस्तार
बरेली में विद्युत निगम के प्रवर्तन दल (एंटी पावर थेफ्ट) प्रथम की टीम ने मंगलवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बिहार मान नगला में बिजली चोरी पकड़ी। यहां बिना कनेक्शन के एलटी लाइन से कटिया जोड़कर बिजली ली जा रही थी। इस मामले में भवन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है। दो लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सुबह चेकिंग के दौरान प्रवर्तन दल की टीम बिहार मान नगला स्थित राजू व नूर खां के आवास पर पहुंची। टीम के आने की सूचना मिलते ही दोनों भवन स्वामी मौके से फरार हो गए। जांच में एलटी लाइन से कटिया जोड़कर कुल 17.402 किलोवाट का भार संयोजन मिला। आवास में चार एसी, चार गीजर, आठ पंखे, एक समरसेबल पंप, चौदह बल्ब और दो इन्वर्टर समेत अन्य उपकरण संचालित किए जा रहे थे।
ये सभी उपकरण लंबे समय से अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे थे। सीओ विजिलेंस राकेश राय ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार मान नगला के घर में औचक निरीक्षण किया गया था। जांच में यहां 17 किलोवाट का संयोजित भार मिला। घर में कोई बिजली कनेक्शन भी नहीं था।
किराये पर चल रही थीं दुकानें और क्लीनिक
जिस घर में प्रवर्तन दल की टीम ने बिजली चोरी पकड़ी, उसी आवास में दुकानें और क्लीनिक किराये पर संचालित हो रहे थे। जांच में इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी कोई बिजली कनेक्शन नहीं मिला। भवन स्वामियों द्वारा अवैध रूप से विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। यह चोरी लंबे समय से चल रही थी।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी करने वाली टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार शामिल थे। अवर अभियंता रजनी कान्त रावत भी टीम का हिस्सा थे। उपनिरीक्षक ब्रजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार और मुख्य आरक्षी ललित कुमार भी मौजूद रहे। आरक्षी राहुल कुमार और महिला आरक्षी मधुबाला भी इस दल में शामिल थीं।