Bareilly News: सुकून से निपटा जुलूस-ए-मोहम्मदी तो उठाने लगे सवाल, विहिप पदाधिकारी ने एसएसपी को दिया ज्ञापन
बरेली में विहिप के पदाधिकारियों ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि समझौतानामा सही नहीं था। एसएसपी ने हैरत जताते हुए समीक्षा का आश्वासन दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में ईद मिलादुन्नबी पर हर साल पुराने शहर में होने वाला रास्ते का विवाद इस बार जड़ से खत्म हो गया। बिना गतिरोध के जुलूसे मोहम्मदी निकाल दिया गया। दोनों धर्मों के लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। वहीं विहिप के कुछ पदाधिकारियों ने एसएसपी को ज्ञापन देकर नया शिगूफा छेड़ दिया है। उनका कहना है कि समझौतानामा सही नहीं था। एसएसपी ने हैरत जताते हुए समीक्षा का आश्वासन दिया है।
विहिप के महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि चक महमूद, मौर्य गली से होकर बाबा बनखंडी नाथ मंदिर की कांवड़ यात्रा तथा शाहनूरी मस्जिद से निकलने वाले मोहर्रम जुलूस के मार्ग, समय और डीजे की अनुमति पर दोनों पक्षों के बीच एक समझौता किया गया है। उन्हें लगता है कि डॉ. राकेश कश्यप और इशाक के बीच हुआ यह समझौता पक्षपातपूर्ण है। समझौते में शामिल लोग सामाजिक कार्यों से जुड़े नहीं हैं।
उन्होंने मांग की कि फिर से खुली सभा बुलाई जाए, जिसमें क्षेत्र के सभी समुदायों के जिम्मेदार लोग शामिल हों। संजय के साथ राजकुमार राजपूत, विकास सोमवंशी, अलंकृत सक्सेना, केके शंखधार व परम केसवानी आदि मौजूद रहे।
एसएसपी बोले- किसी को ऐतराज नहीं, आप क्यों परेशान
एसएसपी अनुराग आर्य ने ज्ञापन ले लिया लेकिन इन लोगों से कहा कि जुलूस बिना किसी विवाद के निपट गया है जो जनता के लिए राहत की बात है। जुलूस के दौरान किसी वर्ग को कोई आपत्ति नहीं रही है। समझौता काफी दिन पहले हुआ जो सार्वजनिक था, अगर कोई शिकायत थी तो जुलूस से पहले आपत्ति करनी चाहिए थी। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि वह अधिकारियों से कहेंगे, स्थानीय लोगों की कमेटी के साथ समझौते की दोबारा समीक्षा कर लें, कोई विसंगति होगी तो दूर कर ली जाएगी।