UPSC Result: सेल्फ स्टडी कर आईएएस बने बरेली के ऐश्वर्य, हासिल की ऑल इंडिया चौथी रैंक, जीत के इस मंत्र से मिली कामयाबी
ऐश्वर्य चार साल से बरेली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे। तीन बार वह असफल हुए लेकिन हार नहीं मानी। कड़ी मेहनत के बाद चौथी बार में सफलता मिली। ऐश्वर्य ने भूगोल विषय के माध्यम से सफलता पाई है।
विस्तार
सोमवार को संघ लोग सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा-2021 के परिणाम जारी कर दिए। इस परीक्षा में बरेली के ऐश्वर्य वर्मा ने आल इंडिया चौथी रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरा परिवार गदगद है। ऐश्वर्य को यह सफलता चौथी बार में मिली है। उन्हें 2025 में से 1039 अंक मिले हैं।
मूल रूप से उज्जैन के रहने वाले ऐश्वर्य चार साल से बरेली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे। तीन बार वह असफल हुए लेकिन हार नहीं मानी। कड़ी मेहनत के बाद चौथी बार में सफलता मिली। ऐश्वर्य ने भूगोल विषय के माध्यम से सफलता पाई है। उनके पिता विवेक वर्मा यहां बैंक ऑफ बड़ौदा में अधिकारी हैं।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी
उत्तराखंड के पंतनगर विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद वह सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए थे। पहली बार सिविल सेवा की परीक्षा में बैठे तो कोचिंग का भी सहारा लिया लेकिन बाद में तीन साल से वह सेल्फ स्टडी कर रहे थे। बरेली के ट्यूलिप ग्रांड में रह रहे ऐश्वर्य ने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है।
झांसी की संपदा ने यूपीएससी में हासिल की 79वीं रैंक
झांसी। प्रेमगंज निवासी संपदा त्रिवेदी की यूपीएससी में 69वीं रैंक आई है। चौथी बार परीक्षा देने पर उन्हें सफलता मिली है। संपदा का कहना है कि दादा उन्हें आईएएस बनते देखना चाहते थे। आज उन्होंने अपने दादा का सपना पूरा कर दिया है। आगे चलकर वह शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं।