किसानों का घटिया धान बीज को लेकर डीडी कृषि दफ्तर में हंगामा
- काश्तकारों ने मामले में एफआईआर दर्ज कराने के साथ मुआवजा दिलाने की मांग उठाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाही के किसानों ने एक सहकारी समिति पर घटिया बीज की बिक्री करने का आरोप लगाते हुए उपनिदेशक कृषि के कार्यालय पर बुधवार को प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि बीज की क्वालिटी खराब होने से उनकी फसल बर्बाद हो गई है।
शाही के मोहल्ला पंतनगर के तमाम किसानों का कहना है कि उन्होंने धान बीज की खरीद मई में सहकारी समिति से की थी, जिसकी उन्हें कोई रसीद भी नहीं दी गई। किसानों का कहना है कि धान में बालियां तो निकलीं, लेकिन वह समय से पहले ही पक गईं और सूखकर गिर गई हैं। बालियां अंदर से खाली भी हैं। किसानों का कहना है कि इससे उनके साथ न केवल धोखाधड़ी हुई है, बल्कि उनकी फसल भी बर्बाद हो गई है। रामपाल, मुन्नालाल, श्यामवीर, रामचंद्र सहित तमाम किसानों ने घटिया बीज बिक्री करने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने और किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की गई है।
घटिया बीज बिक्री मामले में बीज विक्रेता का लाइसेंस निरस्त
महाराष्ट्र की एक बीज कंपनी के घटिया बीज मामले को लेकर जिला कृषि अधिकारी ने कचहरी रोड पर सुनील पाठक बीज भंडार नाम की दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। कृषि अधिकारी का कहना है कि आगे और भी कार्रवाई होंगी। महाराष्ट्र की एक कंपनी ने यहां बड़े पैमाने पर धान के हाईब्रिड बीज की ब्रिक्री की थी, लेकिन बीज के घटिया होने से धान में दाना ही नहीं आया। जिला कृषि अधिकारी की ओर से कुछ दिन पहले इस कंपनी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।
इस बीज की बिक्री करने वाले कचहरी रोड स्थित सुनील पाठक बीज भंडार के लाइसेंस को जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने पूर्व में निलंबित कर दिया था। दुकानदार का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर अब दुकान का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।
खराब बीज के जो भी मामले सामने आ रहे हैं। उन सभी की जांच कराकर कार्रवाई की जा रही है। कोशिश है कि किसानों को इसका मुआवजा भी मिले।
-धीरेंद्र सिंह चौधरी, जिला कृषि अधिकारी