Investor Summit: बरेली में 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश, 50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
लखनऊ में जहां प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री देश-विदेश के उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे। वहीं, बरेली के आईएमए सभागार में मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार व डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने उद्यमियों को निवेश और बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली को 18000 करोड़ रुपये के निवेश से बड़ी उद्योग नगरी बनाएंगे। उद्यमियों के साथ अफसर और राज्य सरकार के मंत्री भी कदम बढ़ाएंगे। औद्योगिकीकरण की राह में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। इससे न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वरन 50 हजार युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। इसी इरादे के साथ शुक्रवार को निवेश कुंभ का आगाज हुआ।
लखनऊ में जहां प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री देश-विदेश के उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे। वहीं, बरेली के आईएमए सभागार में मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार व डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने उद्यमियों को निवेश और बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। निवेशकों को सुरक्षित माहौल व सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिलाया।
जनप्रतिनिधियों ने यह कहा
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि वह उद्यमियों की हर समस्या का त्वरित समाधान कराएंगी। नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि इससे शहर के साथ ही प्रदेश और देश का भी विकास होगा। देश की अर्थव्यवस्था पांच ट्रिलियन डॉलर की ओर अग्रसर होगी।
मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा व बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी निवेश के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। शासन तक उनकी पैरवी करने की बात कही। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष उन्मुक्त संभवशील ने संचालन किया। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, आईएमए अध्यक्ष डॉ. विनोद पागरानी, पवन अरोरा, अभिनव कटरू, राजेश गुप्ता, राजेन विद्यार्थी, एसके सिंह, दिनेश गोयल आदि मौजूद रहे।
585 निवेशकों से मिले 18 हजार करोड़ के प्रस्ताव
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि मिनी कुंभ में 18000 करोड़ रुपये के निवेश के 585 प्रस्ताव सामने आए। आंवला क्षेत्र के जैनपुर कादराबाद में आंवला डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड 100 करोड़ रुपये लगाकर फूड ग्रेन से एथनॉल बनाएगा। खाद्यान्न से बायोफ्यूल बनाने के लिए 150 करोड़ रुपये निवेश के लिए कार्बोनेक्स ग्रुप व 350 करोड़ रुपये के निवेश के इरादे के साथ धामपुर बायो ऑर्गेनिक लिमिटेड ने उत्साह दिखाया है।
बहेड़ी में डेयरी क्राफ्ट ने 220 करोड़ रुपये व वाडीलाल ग्रुप 250 करोड़ रुपये लगाकर देश-विदेश में दुग्ध उत्पादों की विक्री करेगा। मैक्सब्लिस ग्रुप रियल स्टेट में 1500 करोड़ का निवेश करेगा। टूरिज्म में इनोटेरा एजी ग्रुप ने 1000 करोड़ तथा आरएमएस ग्रुप होटल रेडिसन को विस्तार देने व दो नए होटल व इलेक्टि्रकल चार्जिंग स्टेशन बनाने पर 600 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
इस तरह बदलेगी शहर की सूचना
- ग्रेटर बरेली- 243 एकड़ जमीन में 1500 करोड़ रुपये के निवेश से हाईटेक आवासीय योजना विकसित करेगा बीडीए
- रबर फैक्टरी- रबर फैक्टरी की 1275 हेक्टेयर जमीन में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए चल रही पैरवी
- आईटी पार्क- सीबीगंज क्षेत्र के खलीलपुर में 20 करोड़ रुपये के निवेश से आईटी पार्क बनेगा
- मेगा फूड पार्क- 500 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव आए, पांच वर्ष में 2000 करोड़ के निवेश की उम्मीद
- पर्यटन- पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 40 उद्यमियों के प्रस्ताव, 580 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ
- स्मार्ट सिटी- परियोजना में 200 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। दिल्ली, गुरुग्राम के उद्यमी भी कर रहे निवेश
- वाडीलाल ग्रुप- परसाखेड़ा में 50 एकड़ जमीन पर प्लांट लगाकर 250 करोड़ रुपये का निवेश करेगा
- जरी-जरदोजी- जर-जरदोजी के उत्पादों और बांस बेत के फर्नीचरों की बिक्री के लिए नया बाजार मुहैया कराया जाएगा
- विदेश जाएंगे मोटे अनाज- मोटे अनाज और उनसे तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा। सरकार ने इनको श्री अन्न का नाम दिया है। इन्हें बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
निवेश कुंभ में जो कहा है, उस पर होता रहे अमल
उद्यमी रजत मेहरोत्रा ने कहा कि वह बैंकर्स के सहयोग से कोल्ड स्टोरेज और वेयर हाउस इंडस्ट्री में पांच करोड़ के निवेश करेंगे। उनके निवेश से 70 लोगों को रोजगार मिलेगा। रजऊ परसपुर में पांच बीघा जमीन चयनित कर ली है। उद्योग लगाने के लिए खेती की जमीन की श्रेणी बदलवाकर प्रोजेक्ट पर अमल शुरू कर देंगे। एनओसी में वक्त न लगे, यही चाहते हैं। उनका कहना था कि अधिकारियों ने जो रुख अपनाया है, उससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, लेकिन जो कहा है उस पर अमल होता रहे।
बहेड़ी में बनाए जाएंगे सब्जी मसाले
बहेड़ी से आए उद्यमी तौसीफउद्दीन खां ने कहा- जब से इन्वेस्टर्स समिट की बात आई है, तब से उद्यमियों की हर बात सुनी जा रही है। जल्दी समस्याओं का समाधान करने की बात अफसर कर रहे हैं। पहले की तरह भागदौड़ करने की जरूरत नहीं लग रही है। मैं तो यही कहूंगा कि इसे आगे भी जारी रखा जाए। उन्होंने बताया कि वह खाद्य तेल इंडस्ट्री चला रहे हैं। अब सब्जी के लिए विभिन्न तरह के मसाले तैयार करके बाजार में उतारेंगे। इसके लिए पचास लाख रुपये का नया निवेश कर रहे हैं। तीस नए लोगों को रोजगार मिलेगा। ब्यूरो
पीपीपी मोड में औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएं
उद्यमी राजेश गुप्ता ने कहा कि 18 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव आ चुके हैं पर अभी बहुत बड़ी गुंजाइश बाकी है। औद्योगिक आस्थानों में खाली भूमि नहीं है। अभी तक जो प्रस्ताव आए हैं उसमें उद्यमियों ने पहले से उपलब्ध अपनी जमीन पर उद्योग लगाने की बात कही है। सरकार ने पीपीपी मोड में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के लिए जो नई नीति बनाई है, अगर उस पर ठीक से अमल हो जाए तो निवेश दोगुना हो सकता है। बीडीए ने जो जमीन उद्योगों के लिए आरक्षित की है, वह महंगी है। इसलिए पीपीपी मोड पर ऐसी जमीनी दी जाएं, जिसमें कम मे कम लागत लगे।