बरेली: दिवाली पर होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति, 27 उपकेंद्रों पर तैनात रहेंगे अधिकारी; नंबर जारी
बरेली में दिवाली और गोवर्धन पूजा पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए विद्युत निगम ने सभी 27 विद्युत उपकेंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। फोन नंबर भी जारी किए गए हैं।
विस्तार
बरेली में दिवाली और गोवर्धन पूजा पर शहर की बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विद्युत निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए शहर के सभी 27 विद्युत उपकेंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
अधीक्षण अभियंता ललित कुमार ने बताया कि सिविल लाइंस प्रथम, द्वितीय और तृतीय, कैंट, रामपुर बाग, मिशन कंपाउंड, कुतुबखाना और सीबीगंज समेत सभी 27 उपकेंद्रों पर ड्यूटी लगाई गई है। विशेष ड्यूटी की निगरानी अधिशासी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को सौंपी गई है।
निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने उपकेंद्रों पर नियमित रूप से मौजूद रहें और बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराएं। छह नवंबर से 11 नवंबर तक रोजाना शाम चार बजे से रात 12 बजे तक अधिकारी उपकेंद्रों पर तैनात रहकर बिजली व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
हेल्प डेस्क बनी, जारी किए गए नंबर
- रामपुर बाग - 9557727006
- कुतुबखाना - 9412295886
- राजेंद्रनगर - 9412295887
- किला - 9412295885
ट्रांसफार्मर खराब होने पर मोबाइल ट्रांसफार्मर रहेगा तैयार
निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में दिवाली के दौरान बिजली की मांग अधिक रहती है। उपभोक्ताओं को कटौती का सामना न करना पड़े इसके लिए ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना पर फौरन मोबाइल ट्रांसफार्मर संबंधित क्षेत्र में भेजा जाएगा।