Bareilly News: रामगिरी महाराज के खिलाफ प्रदर्शन, जमात रजा-ए-मुस्तफा ने की मुकदमा दर्ज करने की मांग
ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने कहा कि रामगिरी महाराज को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो आरएसी विरोध प्रदर्शन करेगी।
विस्तार
पैगंबर मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी करने के मामले में बरेली में सोमवार को जमात रजा-ए-मुस्तफा के पदाधिकारियों ने उलमा और मुफ्ती के साथ कोतवाली में प्रदर्शन किया। इस दौरान रामगिरी महाराज पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।
सोमवार को दरगाह आला हजरत की ओर से जमात रजा-ए-मुस्तफा के जनसंपर्क अधिकारी मोईन खान और पूर्व मीडिया प्रभारी समरान खान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कोतवाली पहुंचा। उन्होंने सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव से मुलाकात की। मौलाना राहत ने कहा कि महाराष्ट्र के नासिक में चल रहे उपदेश के दौरान रामगिरी महाराज ने लाइव मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी की। यह बर्दाश्त के काबिल नहीं। जनसंपर्क अधिकारी मोईन खान व समरान खान ने रामगिरी महाराज को फांसी देने की मांग की।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन : मौलाना अदनान
ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने कहा कि रामगिरी महाराज को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो आरएसी विरोध प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पद से दें इस्तीफा : सलमान मियां
जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलाम मियां ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद कार्यक्रम में मौजूद थे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। वह अपने पद से इस्तीफा दे दें। वहीं जमात के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने गंगागिरी को गिरफ्तार करने की मांग की है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन ने भी रामगिरी महाराज के बयानों की कड़ी निंदा कर कार्रवाई की मांग की है।