Bareilly News: ट्रक की टक्कर से घायल युवक ने चलती एंबुलेंस में किया कुछ ऐसा, चालक के फूल गए हाथ-पांव
बरेली में अजब मामला सामने आया है। रविवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जब एंबुलेंस चालक उन्हें अस्पताल ले जा रहा था, तो एंबुलेंस डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे घायलों को फिर चोट लगी। चालक का आरोप है कि एक घायल ने उसकी गर्दन पकड़ ली थी, जिससे दूसरा हादसा हुआ।
विस्तार
बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात रामगंगा पुल के पास सड़क हादसे के बाद अजीबोगरीब इत्तेफाक देखने को मिला। दरअसल, वहां ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए थे। पास में शहर के निजी अस्पताल के लिए काम करने वाला युवक जितेंद्र अपनी एंबुलेंस लिए खड़ा था।
जितेंद्र के मुताबिक उसने बाइक सवार घायलों को उठाया। इसके बाद एंबुलेंस में पीछे सीट पर लिटाकर सिटी स्टेशन के पास अस्पताल लेकर आ रहा था। महेशपुर फाटक से थोड़ा आगे पेट्रोल पंप के पास एक घायल को होश आ गया। उसने पीछे से उठकर जितेंद्र की गर्दन मरोड़ दी। इससे चालक के हाथ-पैर फूल गए। उसका एंबुलेंस पर नियंत्रण खत्म हो गया और एंबुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
ये भी पढ़ें- सौहार्द रखा कायम: बरेली में उर्स के पहले दिन बनी ऐसी स्थिति, बारिश में भीगते जवान बन गए दीवार, देखें वीडियो
एंबुलेंस चालक पर भी लगे आरोप
एंबुलेंस ड्राइवर के साथ ही उन दोनों घायलों को फिर चोट लगी। हादसे की जानकारी पर गश्त कर रही पुलिस ने घायलों को दूसरे वाहन से अस्पताल पहुंचाया। इधर, हादसे के बाद एंबुलेंस ड्राइवर पर भी नशे में होने के आरोप लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि वह कमीशन के चक्कर में घटनास्थल से 10 किमी दूर अस्पताल में ले जा रहा था, जबकि आसपास रास्ते में कई अस्पताल थे। घायल इसी बात का विरोध कर रहे थे।