Shahjahanpur News: चोरी के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, सिपाही भी घायल
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद शराब की दुकान में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी सियानंद के पैर में गोली लगी। एक सिपाही भी जख्मी हुआ है।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद शराब की दुकान में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली सिपाही परविंदर की बांह से रगड़ती हुई निकल गई। प्राथमिक इलाज के बाद सिपाही को छुट्टी दे दी गई, वहीं घायल आरोपी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि चार-पांच मई की रात रोजा थाना क्षेत्र में एक शराब की दुकान में चोरी की वारदात होने के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार की रात रोजा थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रेलवे मैदान के पास मौजूद हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपियों को घेर लिया।
बरेली और बदायूं के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। सिपाही परविंदर की बांह से गोली छूती हुई निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव इटोरिया शिवपुरी का रहने वाला सियानंद बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से सियानंद और उसके साथी बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र के गांव सेरहा पुख्ता के रहने वाले अवनीश को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुए। चोरी के सामान को बेचने से प्राप्त आठ हजार रुपये, 90 पौव्वा शराब और चोरी में प्रयुक्त एक सरिया भी जब्त की गई। सियानंद के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। अभियुक्त अवनीश के खिलाफ भी सात से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।