Bareilly News: दामाद को फंसाने के लिए की थी सगे भाई की हत्या, इंद्रपाल हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा
बरेली के फरीदपुर इलाके में हुई इंद्रपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक इंद्रपाल की हत्या उसके सगे भाई उमेशपाल ने की थी। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर इलाके के गांव रायपुर हंस में हुई इंद्रपाल की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इंद्रपाल का हत्यारा उसी का सगा भाई उमेशपाल निकला। पुलिस के मुताबिक, उमेशपाल ने अपने भाई की हत्या कर एक तीर से दो निशाने लगाने की कोशिश की थी, हालांकि वह अपने ही दांव में फंस गया।
एएसपी अंजना दहिया ने बताया कि उमेश पाल सिंह ने एक मई को अपने भाई इंद्रपाल की गोली मारकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि सर्वेश सहित पांच लोगों ने इंद्रपाल को रास्ते में घेरकर गाली-गलौज की, फिर गोली मार दी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस के शक की सुई उमेशपाल पर ही टिक गई। पुलिस ने शनिवार को उसे रूरिया वाली पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर तमंचा और दो खोखे बरामद हुए। पूछताछ में उमेशपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इसलिए रची साजिश
पूछताछ में उमेशपाल ने बताया कि वह अपने भाई इंद्रपाल के आपराधिक आचरण और गलत चाल-चलन से परेशान था। उसकी भतीजी स्वाति गांव के ही विकास सिंह के साथ चली गई थी। उन लोगों ने विकास व अन्य पर रिपोर्ट लिखाई थी, लेकिन स्वाति ने विकास से शादी कर ली और फिर दोनों गांव में ही आकर रहने लगे। इससे उनके परिवार की बदनामी हो रही थी। शादी के बाद पुलिस ने भी विकास व अन्य पर दर्ज मामले को खत्म कर दिया।
इससे वह अंदर ही अंदर परेशान था। उसने 30 अप्रैल की रात साढ़े दस बजे अपने भाई इंद्रपाल की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर उसने विकास और उसके परिजनों को फंसाने के लिए रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। उसने सोचा था कि विकास व उसके परिवार के लोग जेल चले जाएंगे तो उसके रास्ते का कांटा साफ हो जाएगा।
उमेशपाल पर पहले से दर्ज हैं मामले
एएसपी ने बताया कि उमेशपाल सिंह का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2000 में दर्ज हत्या का मामला और वर्ष 2021 में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले भी शामिल हैं। उमेशपाल को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।