{"_id":"69ec0c9c1c2fc5a8c60982ac","slug":"two-substations-were-down-and-people-spent-the-night-awake-bareilly-news-c-4-bly1053-870974-2026-04-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: भीषण गर्मी के बीच दो विद्युत उपकेंद्र ठप, बिजली कटौती से लोगों ने जागकर बिताई रात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: भीषण गर्मी के बीच दो विद्युत उपकेंद्र ठप, बिजली कटौती से लोगों ने जागकर बिताई रात
Sat, 25 Apr 2026 06:06 AM IST
बरेली ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: बरेली ब्यूरो
Updated Sat, 25 Apr 2026 06:06 AM IST
सार
हरूनगला और पवन विहार उपकेंद्रों से बृहस्पतिवार को 24 घंटे से अधिक बिजली गुल रही, जिससे उपभोक्ता परेशान हुए। 33 केवी लाइन में खराबी, ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड और आग लगने से यह समस्या हुई
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : संवाद
विस्तार
बरेली के हरूनगला व पवन विहार विद्युत उपकेंद्रों से बृहस्पतिवार को आपूर्ति धड़ाम हो गई। भीषण गर्मी में उपभोक्ता 24 घंटे से अधिक समय तक परेशान रहे। यहां के फीडरों को दूसरे उपकेंद्र से जोड़कर राहत देने की कोशिश की गई, पर लोड अधिक होने से ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ते रहे। यह स्थिति तब है, जबकि बेहतर आपूर्ति के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
पवन विहार उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे खराबी आ गई। देररात 12 बजे के बाद उसे ठीक किया जा सका। जैसे ही आपूर्ति बहाल हुई, ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया। इसके बाद रातभर बिजली नहीं आई। इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। लोग रतजगा करते रहे। शुक्रवार दोपहर दो बजे आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान रामगंगानगर, गणेशपुरम, सतीपुर, भरतौल, क्रिस्टल कॉलोनी में रातभर आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन
इसके अलावा साहू गोपीनाथ स्कूल के पास ट्रांसफार्मर में आग लगने से इलाके की आपूर्ति तीन घंटे तक ठप रही। महेंद्रनगर फेज-2 में तड़के तीन बजे ट्रांसफार्मर में आग लगी। इसके बाद शाम पांच बजे दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर सप्लाई चालू की गई। पुराना सिविल लाइंस, मिशन कंपाउंड, जगतपुर, महानगर, सीबीगंज, सौ फुटा, बिहारीपुर, पंजाबपुरा, चमगादड़ वाली बगिया, नवादा शेखान, कटरा चांद खां, आजाद नगर, बाइपास, बालाजी ढाबा, वीर सावरकर नगर, सुभाषनगर, बीडीए कॉलोनी, सर्वोदय नगर आदि क्षेत्रों में भी आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन
एचटी लाइन टूटने से लगी आग
जोगी नवादा में एचटी लाइन का तार टूटने से पेड़ में आग लग गई। पूर्व में हुए हादसे की अनदेखी के कारण इस घटना की पुनरावृत्ति हुई। स्थानीय नागरिक प्रेमशंकर राठौर ने कई बार विद्युत निगम से एचटी लाइन को हटाकर बाबा वनखंडीनाथ मंदिर के पास से सप्लाई चालू करने के लिए कहा है। जोगी नवादा चावल मंडी में रखे ट्रांसफार्मर से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र में खराबी के कारण कई फीडर प्रभावित रहे। ट्रांसफार्मरों के फ्यूज को भी ठीक कराया गया।