चिटफंड घोटाला: बरेली में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी कन्हैया गुलाटी पर तीन नई रिपोर्ट, लुकआउट नोटिस जारी
बरेली में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी कन्हैया गुलाटी और उसके गिरोह पर रिपोर्ट दर्ज कराने का सिलसिला जारी है। गुलाटी के खिलाफ तीन और रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में चिटफंड घोटाले में कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने तीन नई रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें कन्हैया की पत्नी राधिका गुलाटी, बेटे गोपाल गुलाटी समेत गुर्गों को नामजद किया गया है। दस नए मामले दर्ज होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से कन्हैया के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
शाहजहांपुर जिले के तिलहर के मोहल्ला पोटरगंज निवासी प्रिंस गुप्ता ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि कैनविज ग्रुप के चेयरमैन कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, बेटे गोपाल गुलाटी व कृष्णा गुलाटी, कन्हैया की मां मधु गुलाटी, उसकी पत्नी का भाई आशीष महाजन, सलहज किमि राना, उसके गुर्गे अमित महेंद्र, सूर्यप्रकाश, जगतपाल मौर्य, ओमप्रकाश मौर्य, सुरेश चंद्र कुशवाह, अनूप गुप्ता, संजीव वाधवा और पांच अन्य लोग ठगी का धंधा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- UP: अल्ट्रासाउंड जांच में जुड़वा की पुष्टि, जन्मी सिर्फ एक बच्ची; बरेली में सामने आया चौंकाने वाला मामला
ये लोग कैनविज इंडस्ट्रीज लिमिटेड, कैनविज रिजोर्ट मोटेल, कैनविज इन्फ्रा इंडिया, कैनविज डेवलपर्स व इन्फ्रास्ट्रक्चर आदि नाम से फर्जी फर्म बनाकर धोखाधड़ी करते हैं। प्रिंस ने इन लोगों से कैनविज विलेज वैली कॉलोनी में भूखंड लिया था। इसके बदले प्रिंस से 83,24,130 रुपये ले लिए। बैनामा करने के लिए कहा तो बीडीए से स्वीकृति मिलने तक इंतजार करने की बात कही गई। इसके बाद चेक देकर टाल दिया। चेक भी बाउंस हो गए।
रुपये मांगने पर गुलाटी और उसके गुर्गे जान से मारने की धमकी देने लगे। प्रिंस की पत्नी सुनैना के मुताबिक, उन्होंने भी कैनविज विलेज वैली में 73,87,226 रुपये देकर भूखंड लिया था। जब बैनामा करने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। जो चेक दिए, वे बाउंस हो गए। प्रिंस और उनकी पत्नी सुनैना की ओर से बारादरी थाने में दो रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।
गुर्गों के जरिये सगे भाइयों से की ठगी
इज्जतनगर क्षेत्र की गुरुनानक कॉलोनी के रहने वाले ललित मोहन ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि कैनविज के चेयरमैन कन्हैया गुलाटी, जगतपाल मौर्य, विशाल मौर्य, राहुल मौर्य, पुष्पेंद्र चंद्रा और सोनू चंद्रा ने केएम एसोसिएट्स कंपनी में उनके 4,25,000 रुपये निवेश कराए थे। इन लोगों ने ललित के भाई अमित के दो लाख रुपये भी आकर्षक ब्याज का झांसा देकर लगवा दिए। कंपनी के लोगों ने न तो ब्याज दिया, न ही मूलधन लौटाया। उनके दिए चेक बैंक में लगाए तो कंपनी के खाते में महज 3500 रुपये थे। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ललित ने बताया कि कन्हैया भाग गया है, लेकिन उसके गुर्गे शहर में रह रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं।
बारादरी पुलिस की रिपोर्ट पर गृह मंत्रालय ने की कार्रवाई
गुलाटी गैंग पर लगातार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निवेशक उसका पासपोर्ट जब्त करने की मांग कर रहे थे। बारादरी पुलिस ने उसके खिलाफ हाल ही में नौ और भोजीपुरा पुलिस ने एक रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने कन्हैया गुलाटी व उसके परिजनों के विदेश भागने की आशंका जताकर उच्चाधिकारियों के जरिये शासन को रिपोर्ट भेजी। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। हालांकि, गुलाटी के पहले ही विदेश भागने की चर्चा है। उसके सभी दफ्तर बंद हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दस दिन पहले तक वह शहर में ही था।