बरेली: नदी में डूबे दो ममेरे-फुफेर भाई, छह घंटे बाद एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में रविवार को शंखा नदी में नहाने गए दो ममेरे-फुफेर भाई तेज बहाव के कारण बह गए। गोताखोरों ने छह घंटे बाद एक का शव बरामद कर लिया। दूसरे का पता नहीं चल पाया है।
विस्तार
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में रविवार को शंखा नदी में नहाने गए दो ममेरे-फुफेर भाई गहरे पानी में डूब गए। दोनों गांव के अन्य चार लड़कों के साथ नदी में नहाने गए थे। पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुलाया। तलाश शुरू कराई। गोताखोरों ने छह घंटे बाद एक युवक का शव नदी से निकाल लिया। शाम तक दूसरे की तलाश जारी रही।
जानकारी के अनुसार, गांव सनैया रानी निवासी 18 वर्षीय अजय कश्यप रविवार सुबह अपनी ननिहाल परखाखेड़ा गौटियां आया था। वह करीब 11 बजे अपने ममेरे भाई रोहित (17 वर्ष) पुत्र किशन पाल के साथ शंखा नदी में नहाने गया। उनके साथ गांव के चार अन्य लड़के भी थे। नहाते समय अजय और रोहित गहरे पानी में चले गए। पानी का तेज बहाव होने के कारण दोनों बह गए और डूबने लगे।
साथ गए अन्य लड़कों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन ग्रामीणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने नदी में दोनों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों को बुलाया। छह घंटे के बाद अजय का शव निकाल लिया गया, जबकि रोहित की तलाश जारी है।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद अजय और रोहित के परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं।