Bareilly: चेन स्नेचिंग करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के घुटने में लगी गोली, दूसरे का टूटा पैर
Bareilly News: बरेली में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश शहर में चेन स्नेचिंग की वारदात करते थे।
विस्तार
बरेली में चेन स्नेचिंग करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अलीगढ़ के बदमाश के पैर में गोली लगी तो इटावा का बदमाश भागते वक्त पैर तुड़वा बैठा। सीओ प्रथम के कार्यालय में प्रेसवार्ता के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
देर रात हुई मुठभेड़
सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार रात प्रेमनगर इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी पुलिस के साथ गश्त कर रहे थे। रात साढ़े 12 बजे सूचना मिली कि आवास विकास कॉलोनी की ओर बाइक सवार दो संदिग्ध लोग खड़े हैं। पुलिस की घेराबंदी पर बदमाशों ने बाइक आरपीएफ गेट की ओर दौड़ा दी और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा पैर टूटने से गिर गया।
जिसे गोली लगी उसने अपना नाम पूछताछ में अपना नाम नागर सिंह बताया। वह गन हाउस वाली गली थाना अकराबाद जिला अलीगढ़ का निवासी है। जबकि दूसरा अमित उर्फ विक्की सिविल लाइंस जिला इटावा का निवासी है। दोनों के पास से 1.82 लाख रुपये, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
सीओ ने बताया कि यह बदमाश चेन स्नेचिंग और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके खिलाफ कानपुर देहात, गौतमबुद्धनगर, उन्नाव, एटा और बरेली में मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर का भी मामला दर्ज है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से शाम को जेल भेज दिया गया। सीओ ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कॉंग्रेस नेता की बेटी की चेन भी इन्हीं ने लूटी थी।