बरेली। इज्जतनगर मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार सिंह ने कासगंज से बरेली सिटी रेल खंड का विंडो टेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, रेलवे आवासीय कॉलोनी, यार्ड, टिकट घर और जन सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान रेल खंड में पड़ने वाले समपार, सिग्नल और पुल व पुलिया आदि का भी निरीक्षण किया। कासगंज स्टेशन पर सफाई कर्मियों से उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म और ट्रेनों में नियमित सफाई करते हुए स्वच्छता बनाये रखें। उन्होंने यात्रियों से भी सफाई रखने की अपील की। डीआरएम ने डीजल लॉबी, लोको पायलट एवं गार्ड रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। श्री सिंह ने कासगंज, बदायूं और बरेली सिटी स्टेशन पर स्थित हिंदी पुस्तकालयों एवं वाचनालयों में पाठकों के लिए नवीनतम पुस्तकों की व्यवस्था एवं पाठन के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अनूप सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी सीएल साह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतू समेत अनेक मंडलीय अधिकारी शामिल थे।