Bareilly News: कैंट इलाके में वाहन की टक्कर से दो ग्रामीणों की मौत, इज्जतनगर में राजमिस्त्री की गई जान
बरेली के फरीदपुर से घर लौट रहे बाइक सवार दो ग्रामीणों की हादसे में मौत हो गई। हादसा सोमवार देर रात हुआ। उधर, इज्जतनगर में अज्ञात वाहन ने राजमिस्त्री को रौंद दिया, जिससे उसकी जान चली गई।
विस्तार
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों भमोरा क्षेत्र के गांव झीझरी के निवासी थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, थाना इज्जतनगर क्षेत्र में भी हादसा हुआ है, जिसमें राजमिस्त्री की जान चली गई।
थाना भमोरा के गांव झीझरी निवासी गजेंद्र (42) के चचेरे भाई हरिओम ने बताया कि सोमवार दोपहर गजेंद्र अपने दोस्त गांव बल्लिया निवासी धर्मेंद्र के साथ बाइक से फरीदपुर के लिए गए थे। वहां से लौटते वक्त कैंट थाना क्षेत्र के बभीया चौकी के पास किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाया। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी। गजेंद्र के दो बेटियां हैं और धर्मेंद्र के छह बच्चे हैं। दोनों की पत्नियों की मौत हो चुकी है। उनके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
वाहन की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी 30 वर्षीय राजमिस्त्री प्रेमपाल की सड़क हादसे मे मौत हो गई। उनके चाचा छोटेलाल ने बताया कि प्रेमपाल सोमवार को अहलदपुर गांव की बाजार में गया था। बाजार से वापस घर आ रहा था, तभी पुलिस चौकी के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जेब में रखे मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। प्रेमपाल राजमिस्त्री का काम करता था। परिवार में तीन बच्चे और पत्नी है।