'आपके जैसे पासपोर्ट वालों के...': संगकारा का आरोप- डबलिन एयरपोर्ट पर परिवार पर हुई नस्लीय टिप्पणी! जानें मामला
श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने डबलिन एयरपोर्ट पर रायनएयर के कर्मचारियों पर अपने और परिवार के साथ नस्लीय भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों ने पासपोर्ट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और विरोध करने पर विमान में नहीं चढ़ने देने की धमकी दी।
विस्तार
श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा ने आयरलैंड के डबलिन एयरपोर्ट पर एयरलाइन कर्मचारियों पर नस्लीय भेदभाव करने का आरोप लगाया है। संगकारा के मुताबिक, रायनएयर (Ryanair) के गेट कर्मचारियों ने उनके और उनके परिवार के साथ अपमानजनक और धमकी भरा व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उनके पासपोर्ट को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। सोशल मीडिया पर एक यूजर के साथ बहस के दौरान संगकारा ने इस पूरे अनुभव को नस्लीय भेदभाव बताया।
दरअसल, संगकारा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने रायनएयर को टैग करते हुए लिखा कि डबलिन एयरपोर्ट पर उन्हें और उनके परिवार को कर्मचारियों के भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा, 'क्या किसी और को भी डबलिन में रायनएयर के गेट कर्मचारियों के भेदभावपूर्ण व्यवहार का अनुभव हुआ है? अभी मेरे और मेरे परिवार के साथ ऐसा ही हुआ और यह चौंकाने वाला था। बातचीत का लहजा, प्रक्रिया को गलत तरीके से संभालना और धमकी भरा व्यवहार। किसी भी यात्री के साथ ऐसा बर्ताव अस्वीकार्य है। डबलिन में यह मेरा पहला खराब अनुभव है।'
Has anyone experienced discriminatory gate personnel @Ryanair in Dublin ? I with my family just did and it was shocking. The tone of address and the mishandling of procedure and threatening behavior. Unacceptable for any passenger. First bad experience in Dublin
— Kumar Sangakkara (@KumarSanga2) October 28, 2026
इसके बाद संगकारा की पोस्ट पर एक सोशल मीडिया यूजर ने उन्हें ही निशाने पर लेते हुए कहा कि सभी के साथ समान व्यवहार करना भेदभाव नहीं है। यूजर ने आरोप लगाया कि शायद संगकारा विशेष सुविधाओं के आदी हैं और उन्हें सामान्य व्यवहार पसंद नहीं आया। इस पर संगकारा ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने उनके पासपोर्ट को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
संगकारा ने लिखा, 'जब आपसे कहा जाए कि आपके जैसे पासपोर्ट वाले लोगों को इसी तरह के व्यवहार की उम्मीद करनी चाहिए और अगर हम इस स्पष्ट रूप से घृणित टिप्पणी का विरोध करते हैं, तो हमें दूसरे यात्रियों के लिए खतरा मानकर विमान में चढ़ने नहीं दिया जाएगा, तो यह सभी के साथ समान व्यवहार करना नहीं है। यह नस्लवाद है।'
@IrelandMeda @Ryanair When told people like you with your kind of passports should expect this treatment and that if we argued against that obviously disgusting comment we would be considered a threat to other passengers and not boarded is not treating everyone exactly the same but it is racist
— Kumar Sangakkara (@KumarSanga2) October 29, 2026
इस चर्चा में WSO2 के सीईओ संजीवा वीरवारण ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संगकारा की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें पश्चिमी देशों के हर हिस्से में भेदभाव का सामना करना पड़ा है। इस पर संगकारा ने जवाब दिया, 'जब आप खुद इस तरह के अनुभव से गुजरते हैं, तो यह काफी झकझोर देने वाला होता है।' बता दें कि रायनएयर आयरलैंड की एक एयरलाइन है, जिसका मुख्यालय डबलिन के पास स्वॉर्ड्स में है। यह यूरोप की प्रमुख कम लागत वाली एयरलाइनों में शामिल है।