हाफिजगंज। समय रहते वन विभाग की टीम नहीं पहुंची, जिससे कुत्तों के हमले में घायल काले हिरन की मौत हो गई। कुछ घंटों बाद आई वन टीम हिरन के शव को आईवीआरआई ले गई। हालांकि ग्रामीणों ने इस दौरान रोष प्रकट किया।
थाना हाफिजगंज के गांव धमीपुर में रविवार सुबह छह बजे ग्रामीण टहल रहे थे। तभी कुत्ते एक काले हिरन पर हमला कर रहे थे, जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया। इस दौरान हिरन गांव के पास ही एक खेत में आकर गिर गया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो हिरन गंभीर रूप से घायल था। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंची। कई घंटों बाद वनरक्षक वेदप्रकाश, असरफ, मान सिंह गांव पहुंचे, लेकिन तब तक घायल हिरन की मौत हो चुकी थी। इस दौरान ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया और आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही से आए दिन जंगली जानवरों की जान जा रही है। संवाद