Bareilly: छात्र को बेरहमी से पीटने वाली शिक्षिका निलंबित, दहशत में दूसरे दिन भी स्कूल नहीं पहुंचा पीड़ित
बरेली के प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुर अब्दुल रहमान की शिक्षिका ने छात्र को बेरहमी से पीटा था। उसके पीठ पर निशान पड़ गए थे। छात्र को कई घंटे कमरे में बंद भी रखा था। इस मामले में बीएसए ने आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
बरेली के विकास खंड भदपुरा क्षेत्र में अनुसूचित जाति के छात्र की बेरहमी से पिटाई के मामले में शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पिटाई के बाद दहशत के चलते दूसरे दिन भी छात्र विद्यालय नहीं पहुंचा। परिजनों का कहना है कि वह रात भर दर्द से कराहता रहा।
विकास खंड भदपुरा के प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुर अब्दुल रहमान में गांव के ही एक व्यक्ति का पुत्र चौथी कक्षा का छात्र है। आरोप है कि 20 जुलाई को सहायक अध्यापक रचनी गंगवार ने विद्यार्थी की बुरी तरह से पिटाई की थी। परिजनों ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिक्षिका ने कई घंटे उनके बेटे को कमरे में बंद रखा। पिटाई से वह दहशत में है। घर में पूरी रात वह दर्द से कराहता रहा।
मामला सुर्खियां बनने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी शेरगढ़ को दी गई है। वहीं, शिक्षिका को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) नवाबगंज से संबद्ध कर दिया है।
शिक्षिका बोलीं- बच्चे का भविष्य संवारने के लिए पीटा
सहायक अध्यापक रचनी गंगवार ने कहा कि उन्होंने बच्चों को नींबू या जामुन तुड़वाने के लिए नहीं भेजा था। ग्रामीणों के पूछने पर छात्र ने उनका नाम ले लिया। बाद में प्रधानाध्यापक के सामने बच्चे ने स्वीकार किया कि उन्होंने उसे नहीं भेजा। बच्चा भविष्य में ऐसी हरकत न करें इसलिए एक- दो छड़ी मार दी थी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि बच्चे की पिटाई मामले में सहायक अध्यापक रचनी गंगवार को निलंबित कर दिया है। जांच के लिए अधिकारी नामित किए गए हैं। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।