Bareilly News: स्टेडियम के शौचालय में मिलीं सिरिंज और इंजेक्शन की खाली वॉयल, खेल स्पर्धा में डोपिंग की आशंका
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्टेडियम के शौचालय में सिरिंज और इंजेक्शन की खाली वॉयल बिखरी मिलीं। इसको लेकर खेल स्पर्धा में डोपिंग की आशंका गहरा गई है।
विस्तार
खेल को भले ही खेल भावना से निष्पक्ष होकर खेलने की सीख दी जाती हो, मगर इसे शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित विधायक खेल स्पर्धा के दौरान इसे हवा में उड़ा दिया गया। बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता के दौरान शौचालय में कई सिरिंज व इस्तेमाल इंजेक्शन की खाली वॉयल बिखरी मिलीं। इनमें से कई को देखकर लग रहा था कि इन्हें हाल ही में इस्तेमाल किया गया है। इसको लेकर डोपिंग की आशंका गहराई हुई है।
शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में 550 से अधिक खिलाड़ी शामिल होने के लिए पहुंचे थे। प्रतियोगिता के बीच जब कुछ लोगों ने मैदान पर बने शौचालय का उपयोग करना चाहा, तो वहां अंदर और बाहर इस्तेमाल की गईं ढेरों सिरिंज बिखरी मिलीं। स्टेरॉयड लेने के लिए खिलाड़ी इसी सिरिंज का इस्तेमाल करते हैं।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली में बरातघरों पर हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर सवाल, सपा नेता सरफराज और राशिद ने किया बड़ा दावा
इंजेक्शन के खाली बॉयल भी पड़े थे। कई सिरिंज व खाली वॉयल को देखकर लग रहा था कि इनका हाल ही में इस्तेमाल किया गया है। इससे साफ है कि प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ी शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए इनका इस्तेमाल कर रहे हैं। ये धोखाधड़ी होने के साथ ही युवा खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक है।
पहले भी डोपिंग में फंस चुके हैं खिलाड़ी
बिहार के पटना में आयोजित खेलों इंडिया यूथ गेम्स की 400 मीटर दौड़ स्पर्धा में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने वाले खिलाड़ी को बीते दिनों डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी ने खिलाड़ी को अनंतिम रूप से निलंबित कर दिया था।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने बताया कि मैं छुट्टी पर हूं। इसी वजह से मामले की जानकारी नहीं हो सकी। प्रतियोगिता युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित की जा रही है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शैफाली ने कहा कि इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। ऐसी कोई शिकायत भी नहीं आई। प्रतियोगिता में डोप टेस्ट की व्यवस्था का प्रावधान नहीं है।
संबंधित वीडियो